विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरआरबी भर्ती 2024: दो साल बाद टेक्नीशियन ग्रेड-एक (सिग्नल) भर्ती के लिए कटऑफ जारी

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 04 Sep 2026 01:55 PM (IST)

आरआरबी प्रयागराज ने टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल पद के लिए दो साल बाद कटऑफ अंक जारी कर दिए हैं। सफल उम्मीदवारों ...और पढ़ें

आरआरबी प्रयागराज ने टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल कटऑफ जारी किया है।

आरआरबी प्रयागराज ने टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल कटऑफ जारी किया है।

HighLights

  1. कटऑफ के दायरे में आने वाले अभ्यर्थी शैक्षणिक व तकनीकी मूल प्रमाण पत्रों को तैयार रखें

  2. बोर्ड जल्द ही इनके दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच का पूरा कार्यक्रम घोषित करेगा

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी), प्रयागराज ने रोजगार सूचना संख्या (CEN 02/2024) के तहत उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल पद के लिए कटऑफ अंक जारी कर दिया है। दो साल बाद यह कटआफ जारी हुआ है।

100 अंकों में से तैयार कटऑफ

यह कटऑफ 100 अंकों में से तैयार किया गया है। इसके आधार पर सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और चिकित्सा परीक्षण (मेडिकल) के लिए बुलाया जाएगा। भर्ती बोर्ड द्वारा आधिकारिक सूचना जारी होते ही परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है। इस भर्ती के लिए परीक्षा 18 से 20 दिसंबर के बीच 2024 में हुई थी।

टेक्नीशियन ग्रेड-1 (सिग्नल) का काम

भारतीय रेलवे के संचालन में टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल का पद तकनीकी रूप से बहुत बड़ा और जिम्मेदारी वाला माना जाता है। यह पद 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल 5 के अंतर्गत आता है। इस पद पर काम करने वाले कर्मचारियों की मुख्य जिम्मेदारी रेलवे के सिग्नलिंग सिस्टम को दुरुस्त रखना होता है। ट्रेनों की रफ्तार और सुरक्षा दोनों ही इस सिग्नल व्यवस्था पर टिकी होती हैं।

इनकी सतर्कता के ट्रेन सुरक्षित मंजिल तक पहुंचती है

इस पद के कर्मचारी आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, ऑटोमैटिक सिग्नल सिस्टम, ट्रैक सर्किट और पटरियों के पॉइंट मशीनों की देखरेख व मरम्मत करते हैं। इसके अलावा सिग्नल में आने वाली किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत पकड़ना और उसे दूर करना भी इन्हीं का दायित्व होता है। इनकी सतर्कता के चलते ही गाड़ियां सही समय पर सुरक्षित रूप से अपनी मंजिल तक पहुंच पाती हैं।

श्रेणीवार कटऑफ अंक और आगे की चयन प्रक्रिया

आरआरबी प्रयागराज द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अनारक्षित (UR) श्रेणी के लिए कटऑफ 84.03 अंक तय की गई है। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 83.01 अंक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 82.46 अंक, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 82.70 अंक और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 76.43 अंक कटऑफ निर्धारित की गई है।

वेबसाइट पर नजर रखें अभ्यर्थी

आरक्षित श्रेणियों के अलावा हॉरिजॉन्टल आरक्षण के तहत पूर्व सैनिकों (ESM) का कटऑफ 73.52 अंक और दिव्यांग कोटे (PwBD) के तहत कटऑफ 73.88 अंक रहा है। जिन अभ्यर्थियों के अंक इस कटऑफ के दायरे में आ रहे हैं, उन्हें अब अपने सभी आवश्यक शैक्षणिक व तकनीकी मूल प्रमाण पत्रों को तैयार रखना होगा। बोर्ड जल्द ही इनके दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच का पूरा कार्यक्रम घोषित करेगा। अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- RRB Prayagraj : रेलवे सेक्शन कंट्रोलर भर्ती के लिए संशोधित कटऑफ जारी, अंकों से जानें क्या अगले चरण में है आपका नाम?

यह भी पढ़ें- रेलवे में 5165 एनटीपीसी पदों पर भर्ती के लिए RRB ने दी मंजूरी, सितंबर के आखिरी सप्ताह में आएगा नोटिफिकेशन