रेलवे का समर गिफ्ट: प्रयागराज-छिवकी से होकर गुजरेंगी ये स्पेशल ट्रेनें, सफर से पहले यहां देखें टाइम टेबल
रेलवे ने गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रयागराज और छिवकी से होकर गुजरने वाली कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट् ...और पढ़ें

प्रयागराज से होकर जाने वाली समर स्पेशल ट्रेनों की रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है।
HighLights
रेलवे की ओर से गर्मियों में यात्रियों की सहूलियत के लिए किए प्रबंध
महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार की ओर सफर आसान होगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गर्मियों की छुट्टियों का मौसम शुरू हो चुका है और इसी के साथ रेल यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। घर जाने की जल्दी और कन्फर्म टिकट न मिलने की समस्या से जूझ रहे यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने बड़ी राहत की खबर दी है। रेलवे ने विभिन्न शहरों से होकर गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है, जो प्रयागराज के मुख्य स्टेशनों (प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज छिवकी) पर रुकते हुए गुजरेंगी। इन ट्रेनों का संचालन मुख्य रूप से महाराष्ट्र और गुजरात से पश्चिम बंगाल और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर किया गया है।
लंबी दूरी के यात्रियों के लिए बड़ी राहत
आमतौर पर छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में सीटों की भारी किल्लत होती है। विशेषकर पुणे, मुंबई, सूरत और गांधीधाम जैसे औद्योगिक शहरों से बिहार और बंगाल जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इन नई समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन से इस दबाव को कम करने में काफी मदद मिलेगी। नौकरी या व्यापार के सिलसिले में बाहर रह रहे हैं और उन छात्रों के लिए सुविधा देगी, जो छुट्टियों में घर लौटना चाहते हैं।
प्रयागराज और छिवकी का महत्व
प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज छिवकी स्टेशन उत्तर भारत के प्रमुख रेल हब हैं। इन स्टेशनों पर न केवल स्थानीय यात्री बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के यात्री ट्रेन पकड़ने आते हैं। छुट्टियों के सीजन में यहां सबसे ज्यादा दबाव होता है। रेलवे के इस फैसले ने प्रयागराज को एक ऐसे 'जंक्शन' के रूप में और अधिक सशक्त कर दिया है, जहां से यात्रियों के लिए अब कनेक्टिविटी के नए विकल्प खुल गए हैं।
ट्रेन समय-सारणी (प्रयागराज/छिवकी आगमन-प्रस्थान)
ट्रेन संख्या मार्ग (ट्रेन का नाम) स्टेशन आगमन समय प्रस्थान समय
01459 हडपसर-आसनसोल स्पेशल छिवकी 11:30 11:35
01109 सीएसएमटी-आसनसोल स्पेशल छिवकी 14:50 14:55
09063 उधना-मालदा टाउन स्पेशल छिवकी 21:00 21:05
09064 मालदा टाउन-उधना स्पेश छिवकी 12:20 12:25
09463 गांधीधाम-मालदा टाउन स्पेशल प्रयागराज 16:30 16:40
09464 मालदा टाउन-गांधीधाम स्पेशल प्रयागराज 11:00 11:10
09013 उधना-मालदा टाउन स्पेशल छिवकी 12:20 12:30
09014 मालदा टाउन-उधना स्पेशल छिवकी 23:30 23:40
09435 साबरमती-आसनसोल स्पेशल प्रयागराज 23:20 23:30
09436 आसनसोल-साबरमती स्पेशल प्रयागराज 04:50 05:00
खबरें और भी
सुविधाओं का विशेष ध्यान
रेलवे प्रशासन ने इन स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा है। ट्रेन की संरचना (कोच कंपोजिशन) को इस तरह तैयार किया गया है कि इसमें स्लीपर, सामान्य और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध हों। इससे आम आदमी के साथ-साथ उन यात्रियों को भी सहूलियत होगी जो आरामदायक यात्रा को प्राथमिकता देते हैं।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश और सलाह
रेलवे ने सभी यात्रियों से कुछ महत्वपूर्ण बातों का पालन करने का आग्रह किया है। इसमें स्पेशल ट्रेनों के समय में अंतिम क्षणों में बदलाव की संभावना रहती है। अतः स्टेशन पहुंचने से पहले 'एनटीईएस' (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) एप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव स्टेटस जरूर देख लें।इन ट्रेनों के लिए आरक्षणपहले ही शुरू हो चुका है। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यथाशीघ्र अपना टिकट सुनिश्चित करें।
भविष्य की योजनाएं
सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की संख्या पर उनकी पैनी नजर है। यदि आने वाले दिनों में किसी अन्य रूट पर अतिरिक्त दबाव महसूस होता है, तो वहां भी मांग के अनुरूप विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। प्रयागराज के यात्रियों के लिए यह नई श्रृंखला न केवल कनेक्टिविटी सुधारेगी, बल्कि यात्रा को सुखद भी बनाएगी। इन ट्रेनों के बारे में अधिक जानकारी अपने नजदीकी रेलवे पूछताछ केंद्र या रेलवे की हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी प्राप्त कर सकते हैं।
अब पुणे व मुंबई का सफर होगा और होगा आसान
संगम नगरी के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से दो नई 'अमृत भारत एक्सप्रेस' ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जो प्रयागराज वासियों के लिए पुणे और मुंबई की राह और सुगम बनाएंगी। रेलवे ने इन ट्रेनों के स्टापेज में प्रयागराज को प्राथमिकता दी है।
प्रतिदिन चलेगी बनारस हड़पसर एक्सप्रेस
बनारस-हड़पसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन बनारस से चलकर ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, ओराई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर, दौंड कार्ड लाइन होते हुए हड़पसर (पुणे) पहुंचेगी। प्रयागराज जंक्शन पर यह ट्रेन पांच मिनट के लिए रुकेगी । लगभग 16 घंटे की पूरी यात्रा होगी।
यात्रियों का आरामदायक होगा सफर
वहीं दूसरी ट्रेन अयोध्या-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन के रूप में प्रयागराज के रास्ते चलेगी। यह ट्रेन अयोध्या से चलकर प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होते हुए एलटीटी (मुंबई) पहुंचेगी। प्रयागराज जंक्शन पर इसका ठहराव 10 मिनट का होगा। लगभग 14 घंटे की यात्रा प्रयागराज से होगी। इन ट्रेनों की 'पुश-पुल' तकनीक यात्रियों को झटकों से मुक्त और तेज सफर का अनुभव देगी। इन दोनों ट्रेनों के प्रयागराज जंक्शन पर स्वागत की तैयारी शुरू कर दी गई है। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे व गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।