TGT भर्ती में सत्यापन से वंचित अभ्यर्थियों को मिला अंतिम अवसर, इस तिथि पर अभिलेखों के साथ उपस्थित हों
TGT भर्ती के 3539 पदों के लिए अभिलेख सत्यापन में वंचित अभ्यर्थियों को 17 जुलाई को अंतिम अवसर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयो ...और पढ़ें

उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज। फाइल फोटो
HighLights
3539 पदों के लिए शिक्षा सेवा चयन आयोग करा रहा अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन
कुल 15 विषयों में से 12 विषयों के अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन कार्य पूर्ण हो गया है
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती विज्ञापन संख्या-01/2022 के 3539 पदों की लिखित परीक्षा में शार्टलिस्ट किए गए विषयवार अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग करा रहा है। कुल 15 विषयों में से 12 विषयों के अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन कार्य पूर्ण हो गया है।
अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर 17 जुलाई
हालांकि इस अवधि में कुछ विषयों में कई अभ्यर्थी किसी कारणवश निर्धारित तिथि/समय पर उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे में उनकी ओर से दिए गए प्रत्यावेदन पर विचार करते हुए आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने वंचित सभी विषयों के अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर देते हुए 17 जुलाई को सभी अभिलेखों के साथ सत्यापन के लिए उपस्थित होने का अवसर दिया है।
3 व 4 जून को परीक्षा, 30 को रिजल्ट घोषित
इस भर्ती में चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होना है। यह परीक्षा तीन एवं चार जून को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 30 जून को घोषित किया गया था। इसमें कई विषयों में अंतिम कटआफ अंक पर कई अभ्यर्थियों के चयन होने से 3539 पदों के सापेक्ष करीब 7400 अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन के लिए शार्टलिस्ट किया गया था।
16 को अंग्रेजी, 17 को सा. विज्ञान-कला के लिए सत्यापन
इसके बाद विषयवार सत्यापन नौ जुलाई से आयोग में शुरू किया गया। 16 जुलाई को अंग्रेजी तथा 17 जुलाई को सामाजिक विज्ञान और कला विषय के लिए अभिलेख सत्यापन होना है। उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार कई अभ्यर्थियों ने आयोग में आवेदन दिए कि वह किन्हीं कारणों से सत्यापन के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हो सके।
खबरें और भी
17 जुलाई के बाद नहीं मिलेगा अवसर
प्रकरण में आयोग के निर्णय के क्रम में सभी वंचित अभ्यर्थियों को 17 जुलाई को उपस्थित होने का समय दिया गया है। उन्हें आयोग की वेबसाइट से अभिलेख सत्यापन पत्र डाउनलोड कर वांछित अभिलेख के साथ उपस्थित होना होगा। इसके बाद कोई अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।