UP TET 2026 : शिक्षक अभ्यर्थी भी टीईटी की ओएमआर शीट भरने में चूके, अब नहीं होगा मूल्यांकन; आयोग ने स्पष्ट किया
UP TET 2026 शिक्षक पात्रता परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट भरने में गलतियां की हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने स्पष्ट क ...और पढ़ें

UP TET 2026 पीटीईटी की ओएमआर शीट भरने में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों से चूक हुई है।
HighLights
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने केवल उत्तरकुंजी पर मांगी थी ऑनलाइन आपत्ति
ओएमआर शीट में गड़बडी होने की जानकारी कर ऑफलाइन आवेदन लेकर पहुंचे अभ्यर्थी
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP TET 2026 उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) की ओएमआर शीट भरने में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों से किसी न किसी स्तर पर चूक हो गई है। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहे वह शिक्षक भी शामिल हैं, जो सुप्रीम कोर्ट द्वारा टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य किए जाने पर परीक्षा में शामिल हुए थे।
उत्तरकुंजी में प्रश्नोत्तर आपत्ति पर आपत्ति मांगी गई थी
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने टीईटी की उत्तरकुंजी जारी कर केवल प्रश्नोत्तर पर आपत्ति होने पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का अवसर अभ्यर्थियों को दिया था। हालांकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट भरने में गडबड़ी हो जाने पर आयोग में ऑफलाइन आवेदन देकर सुधार के लिए अवसर मांगा है।
60 जिलों में दो से चार जुलाई तक हुई थी टीईटी
UP TET 2026 उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने दो, तीन एवं चार जुलाई को 60 जिलों में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी का आयोजन कराया। इसके बाद अनंतिम उत्तरकुंजी जारी कर इसमें किसी तरह की विसंगति होने पर आठ जुलाई से 14 जुलाई तक साक्ष्य के साथ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया। कई अभ्यर्थियों ने कुछ उत्तरों पर साक्ष्य के साथ आपत्ति दर्ज कराई है, जिनका परीक्षण विषय विशेषज्ञों से आयोग कराएगा।
बड़ी संख्या में आयोग पहुंचे ऐसे अभ्यर्थी
इस बीच बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ऑफलाइन आवेदन करके आयोग पहुंच गए। अभ्यर्थियों की अधिक संख्या देख आयोग ने पूछताछ खिड़की पर उनके आवेदन जमा कराए। इसमें से कुछ शिक्षक अभ्यर्थियों ने उप सचिव संजय कुमार सिंह से मिलकर बताया कि ओएमआर शीट में कुछ कालम वह अनजाने में काला नहीं कर पाए। कुछ ने विषय चयन में त्रुटि हो जाने तो कई ने भाषा-2 वाला कालम भरना छूट जाना बताया।
खबरें और भी
ऐसी ओआरएम शीट का नहीं होगा मूल्यांकन
UP TET 2026 इस मामले पर आयोग के उप सचिव ने बताया कि अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट भरने के संबंध में आवश्यक जानकारी पूर्व में ही उपलब्ध करा दी गई थी। ओएमआर शीट का मूल्यांकन स्कैन करके किया जाएगा। इसमें मानव हस्तक्षेप नहीं हो सकता, क्योंकि इससे शुचिता प्रभावित हो सकती है। नियमानुसार ऐसी ओएमआर शीट का मूल्यांकन नहीं हो सकेगा, भले ही वह शिक्षक अभ्यर्थी हैं।