ट्रेनों में प्रयागराज से दिल्ली-मुंबई का सफर 'हाउसफुल', पुणे रूट पर भी मारामारी, बढ़ रही प्रतीक्षा सूची
होली के बाद प्रयागराज से दिल्ली, मुंबई जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। प्रयागराज एक्सप्रेस जैसी वीआइपी ट्रेनों में लंब ...और पढ़ें

प्रगागराज जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। जागरण
HighLights
किसी भी ट्रेन में यात्रियों को नहीं मिल पा रहा कन्फर्म टिकट
अब होली मनाकर अपने काम-धंधे पर लौटने वालों की भीड़
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रंगों के उत्सव होली की खुमार उतरते ही अब काम-धंधे पर लौटने की जिद्दोजहद शुरू हो गई है। प्रयागराज से अपनी कर्मभूमि की ओर रुख करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों में सीट पाना दुरूह हो गया है। संगम नगरी से दिल्ली, मुंबई और पुणे जैसे महानगरों को जाने वाली गाड़ियां पूरी तरह पैक हैं, जिसके चलते यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
दिल्ली रूट पर सबसे विकट हालात
राजधानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए स्थिति सबसे ज्यादा विकट है। प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस जैसी वीआईपी ट्रेनों में रविवार तक लंबी वेटिंग लिस्ट है। आलम यह है कि कई ट्रेनों में 'नो रूम' (टिकट बुकिंग बंद) की स्थिति पैदा हो गई है। एसी से लेकर स्लीपर क्लास तक में तिल रखने की भी जगह नहीं है।
होली स्पेशल ट्रेन की सीटें भी पैक
बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई होली स्पेशल ट्रेनें पटरी पर उतारी हैं, लेकिन भारी दबाव के कारण इनमें भी सीटें तेजी से भर गई हैं। यात्रियों की एक शिकायत यह भी है कि इन स्पेशल ट्रेनों का किराया नियमित ट्रेनों के मुकाबले काफी अधिक है, जिससे आम आदमी का बजट बिगड़ रहा है।
मुंबई रूट पर इन ट्रेनों में वेटिंग
मुंबई रूट पर महानगरी, मुंबई मेल और कामायनी एक्सप्रेस में अगले कई दिनों तक वेटिंग का बोर्ड लगा है। दक्षिण भारत के लिए संघमित्रा और गंगा कावेरी जैसी ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट मिलना फिलहाल मुमकिन नहीं दिख रहा है। एनसीआर के सीनियर पीआरओ डा. अमित मालवीय ने बताया कि दिल्ली और अन्य प्रमुख रूटों के लिए विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।