प्रयागराज में बड़ा हादसा, गंगा में नहाने गए दो सगे भाई गहरे पानी में समा गए, एक को बचाने में दोनों डूबे, शव बरामद
प्रयागराज के नवाबगंज में गंगा नदी में नहाते समय दो सगे भाई डूब गए, जिससे परिवार गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है क्योंक ...और पढ़ें
HighLights
गंगापार में नवाबगंज के डांडी गांव स्थित नदी घाट पर हादसा, ग्रामीण आक्रोशित
लगाया आरोप- सूचना के बाद भी कई घंटे तक नहीं पहुंची जल पुलिस व एसडीआरएफ
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के नवाबगंज थाना क्षेत्र के डांडी गांव के सामने गंगा नदी में रविवार सुबह नहाने गए दो सगे भाई डूब गए। घटना के बाद घरवालों में कोहराम मच गया। गंगा घाट पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में उन्हें तलाश लेकिन पता नहीं चल सका। वहीं ग्रामीणों ने ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने मशक्कत के बाद शवों को बरामद किया।
डांडी गांव निवासी थे अल्ताफउद्दीन व मो. काश
बताया जाता है कि डांडी गांव निवासी अल्ताफउद्दीन के 24 वर्षीय बेटे मोहम्मद काश और 18 वर्षीय मोहम्मद कैश रविवार सुबह करीब नौ बजे मोटरसाइकिल से गांव के सामने गंगा नदी में नहाने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय छोटा भाई मोहम्मद कैश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को बचाने के लिए बड़ा भाई मोहम्मद काश भी नदी में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव में दोनों भाई डूब गए।

एसडीआरएफ टीम ने बरामद किया दोनों का शव
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते गंगा घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत कर दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने दोनों के शव को बरामद कर लिया।

सूचना पर भी नहीं पहुंची जल पुलिस व एसडीआरएफ
उधर पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को जानकारी दी, लेकिन दोपहर 12 बजे तक वह मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि घटना के कई घंटे बाद तक न तो जल पुलिस और न ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बाद में पहुंची और दोनों को नदी से निकाला लेकिन मौत हो चुकी थी।