असिस्टेंट प्रोफेसर की 2107 रिक्तियों में कुछ विषयों पर उठाए गए प्रश्न, उच्च शिक्षा निदेशालय से मांगी स्पष्टता
असिस्टेंट प्रोफेसर की 2107 रिक्तियों में कुछ विषयों पर संबद्धता को लेकर उच्च शिक्षा निदेशालय से स्पष्टता मांगी गई है। इससे भर्ती विज्ञापन अब अगस्त में ...और पढ़ें

शिक्षा निदेशालय, उत्तरा प्रदेश, प्रयागराज की फाइल फोटो।
HighLights
संबद्ध विषय मामले में उच्च शिक्षा निदेशालय की स्पष्टता के बाद आयोग जारी करेगा विज्ञापन
120 प्रश्नों में 90 प्रश्न विषय के होंगे और 30 सवाल जीएस से रहेंगे, माइनस मार्किंग भी होगी
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों के असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 पदों की भेजी गई रिक्तियों (अधियाचन) के परीक्षण के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने कुछ विषयों में संबद्ध विषय को लेकर प्रश्न उठाए हैं। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय को संबद्ध विषयों की स्पष्टता के साथ रिक्तियां भेजने के लिए कहा गया है।
आयोग भर्ती विज्ञापन जारी करेगा
शिक्षा निदेशालय से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद आयोग परीक्षण कराने के बाद भर्ती विज्ञापन जारी करेगा। इस तरह विज्ञापन अब अगस्त में जारी किए जाने की उम्मीद है। शिक्षा निदेशालय से असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए कुल 44 विषयों में से शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 43 के लिए परीक्षा पाठ्यक्रम जारी किया है।
कुक्कुट पालन अलग विषय
निदेशालय ने कुक्कुट पालन को एक अलग विषय के रूप में भेजा है, जिस पर आयोग ने उच्च शिक्षा निदेशालय से पूछा है कि क्या कुक्कुट पालन अलग विषय है या पशुधन एवं दुग्ध विकास से संबद्ध है। अगर अलग है तो उसके लिए पाठ्यक्रम तैयार कराना होगा और यदि संबद्ध विषय है तो उसे अधियाचन में ठीक किया जाए।
कई अन्य विषयों को लेकर भी अस्पष्टता
इसी तरह कई और विषयों में संबद्ध विषयों को लेकर अस्पष्टता है। आयोग नहीं चाहता कि विज्ञापन जारी होने के बाद भर्ती विवादों में फंसे, इसलिए निदेशालय से स्पष्टता के बाद ही भर्ती विज्ञापन जारी करेगा, ताकि निर्धारित समय सारिणी के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।
खबरें और भी
आयोग के उप सचिव बोले...
इस भर्ती को लेकर शिक्षा सेवा चयन आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुल 120 प्रश्नों में से 90 प्रश्न विषयों से होंगे, जबकि 30 अंक जीएस (सामान्य ज्ञान) से रखे जाने का निर्णय आयोग ने लिया है। इसके अलावा लिखित परीक्षा में गलत उत्तर अंकित करने पर एक अंक काटे जाने का भी प्रविधान किया गया है।
मेरिट तैयार कर परिणाम जारी किया जाएगा
प्रत्येक प्रश्न के लिए तीन अंक निर्धारित किए गए हैं। इस तरह लिखित परीक्षा 360 अंकों की होगी। इसके अलावा 40 अंक का साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार एवं लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार कर चयन परिणाम जारी किया जाएगा।