यूपी बोर्ड ने पहली बार विद्यालयवार पोर्टल पर जारी किया, प्रधानाचार्यों काे अपने स्कूलों का प्रदर्शन तुरंत पता चल सका
यूपी बोर्ड ने पहली बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम विद्यालयों के पोर्टल पर भी जारी किए, जिससे प्रधानाचार्यों को अपने स्कूल का प्रदर्शन तु ...और पढ़ें

यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 का परीक्षाफल घोषित करने के कुछ देर बाद ही विद्यालयों के पोर्टल पर भी अपलोड कर दिया गया।
HighLights
यूपी बोर्ड ने उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट एवं कुछ अन्य प्लेटफार्मों पर रिजल्ट जारी
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के अंकपत्र में त्रुटि होने पर संशोधन का एक और मौका बोर्ड ने दिया
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 का हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित किए जाने के साथ बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने पहली बार विद्यालयों के पोर्टल पर भी संबंधित विद्यालयों के परीक्षाफल अपलोड कराकर प्रधानाचार्यों को बड़ी राहत दी। इससे हर विद्यालय अपने-अपने विद्यालयों का परिणाम देख सके।
अपने विद्यालय के प्रदर्शन को कुछ ही देर में देख लिया
ऐसा नहीं होने पर प्रधानाचार्यों व शिक्षकों को यह पता तुरंत नहीं चलता था कि उनके विद्यालय का परिणाम कैसा है। इस बार पोर्टल पर परीक्षाफल अपलोड कराए जाने से प्रधानाचार्य अपने विद्यालय के प्रदर्शन से कुछ ही देर में अवगत हो सके।
रिजल्ट घोषित होने के आधे घंटे बाद ही पोर्टल पर अपलोड
यूपी बोर्ड ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट एवं कुछ अन्य प्लेटफार्मों पर परीक्षाफल गुरुवार को जारी किया। बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षाफल की घोषणा के करीब आधे घंटे बाद विद्यालयवार परीक्षाफल विद्यालयों के पोर्टल पर अपलोड करा दिया गया। इससे सभी प्रधानाचार्य अपने विद्यालय के प्रत्येक परीक्षार्थी को मिले अंक से अवगत हो सके।
परीक्षाफल देखने विद्यालयों आए विद्यार्थियों को सहूलियत
प्रधानाचार्यों ने बताया कि उनके विद्यालय के पोर्टल पर परीक्षाफल पहली बार उपलब्ध होने से वह यह जान सके कि उनके विद्यालय का विद्यार्थी कितने अंकों से मेरिट सूची में आने से चूक गया। इसी के साथ यह भी जान सके कि कितने प्रतिशत छात्र-छात्राएं किस श्रेणी में उत्तीर्ण हो सके। परीक्षाफल देखने विद्यालयों में पहुंचे विद्यार्थियों को सहूलियत हुई।
खबरें और भी
अंकपत्र में त्रुटि होने पर सुधार करेगा यूपी बोर्ड
अंकपत्र/प्रमाणपत्र में त्रुटि को लेकर यूपी बोर्ड गंभीर है। इसी कारण छात्र-छात्राओं के विवरण में त्रुटि सुधार का कई अवसर परीक्षा से पहले प्रधानाचार्यों को दिया गया। त्रुटियां रहने पर छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को संशोधन कराने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं या आनलाइन प्रक्रिया अपनानी पड़ती है।
डिजिलाकर पर अंकपत्र/प्रमाणपत्र उपलब्ध
ऐसे में यूपी बोर्ड सचिव ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित किए जाने के बाद पहली बार अंकपत्र/प्रमाणपत्र में त्रुटि होने पर संशोधित किए जाने का एक अवसर फिर दिया है। उन्होंने कहा है कि डिजिलाकर पर छात्र-छात्राओं के अंकपत्र/प्रमाणपत्र परीक्षाफल घोषित किए जाने के साथ ही उपलब्ध करा दिए गए हैं।
त्रुटि पर 29 अप्रैल से ग्रीवांस सेल में दें जानकारी
परीक्षार्थी इसे भलीभांति देख लें और कोई त्रुटि होने पर 29 अप्रैल से शुरू होने वाले ग्रीवांस सेल में जानकारी दें। चूंकि अभी आफलाइन अंकपत्र निर्गत किए जाने में समय है, इसलिए त्रुटियों को पहले ही सुधार कर त्रुटिहीन अंकपत्र प्रदान किए जाएंगे। अंकपत्र विद्यालयों को भेजने के संबंध में अलग से जानकारी दी जाएगी।
स्क्रूटनी के लिए 17 मई तक आवेदन
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित किए जाने के बाद बोर्ड सचिव ने बताया है कि परीक्षार्थियों को स्क्रूटनी की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए 28 अप्रैल को अवकाश की अवधि पूर्ण होने के बाद अगले दिन यानी 29 अप्रैल से आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन 17 मई तक लिए जाएंगे।
आज से तीन कार्य दिवस में बंद रहेगा यूपी बोर्ड कार्यालय
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित करने के बाद 24 अप्रैल से तीन कार्य दिवस में यूपी बोर्ड मुख्यालय एवं सभी पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में उप सचिव (प्रशासन) देवब्रत सिंह ने आदेश जारी किया है। शनिवार और रविवार को बोर्ड मुख्यालय में नियमानुसार अवकाश रहता है। ऐसे में तीन कार्यदिवसों का अवकाश 24, 27 एवं 28 अप्रैल को माना जाएगा। इन दिवसों में कोई परीक्षार्थी या अभिभावक क्षेत्रीय कार्यालयों एवं बोर्ड मुख्यालय में कदापि संपर्क न करें।