UP पहली बार SGFI के आठ राष्ट्रीय स्कूल खेलों की मेजबानी करेगा, प्रयागराज समेत 8 शहरों में होगी प्रतियोगिताएं
उत्तर प्रदेश को पहली बार स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में आठ राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। ये प्रतियोगिता ...और पढ़ें

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नवंबर से जनवरी यूपी के 8 शहरों में राष्ट्रीय स्तर के खेल होंगे।
HighLights
नवंबर से जनवरी के बीच प्रदेश के आठ शहरों में होंगे राष्ट्रीय स्तर के स्कूली खेल
खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच, प्रयागराज में होगी अंडर-19 वालीबाल प्रतियोगिता
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया (एसजीएफआइ) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश को पहली बार सर्वाधिक आठ राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिला है। यह निर्णय हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एसजीएफआई की वार्षिक आमसभा की बैठक में लिया गया।
स्कूली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा
प्रतियोगिताओं का आयोजन नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच प्रदेश के आठ शहरों में किया जाएगा। इससे प्रदेश के स्कूली खिलाड़ियों को प्रदेश में ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। वार्षिक आमसभा की बैठक में एसजीएफआई के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, एसजीएफआइ के कार्यकारी सदस्य/यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह भी शामिल हुए।
वाराणसी, बलिया, बरेली में ये प्रतियोगिताएं होंगी
यूपी को मिले खेल आयोजन के तहत अंडर-17 बालिका वर्ग की हैंडबाल प्रतियोगिता वाराणसी में आयोजित होगी। अंडर-17 बालक वर्ग की फुटबाल प्रतियोगिता की मेजबानी बलिया करेगा। बैडमिंटन (बालक एवं बालिका वर्ग) अंडर-17 प्रतियोगिता बरेली में होगी, जबकि कबड्डी (बालक एवं बालिका वर्ग) अंडर-17 का आयोजन गोरखपुर को मिला है।
लखनऊ में कलारी पट्टू, अयोध्या में खो-खो
मार्शल आर्ट से जुड़े खेल कलारी पट्टू की अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका प्रतियोगिताएं लखनऊ में आयोजित होंगी। अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता अयोध्या में कराई जाएगी। वहीं, कराटे से मिलते-जुलते खेल कुराश की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं की मेजबानी गौतमबुद्धनगर करेगा।
खबरें और भी
प्रयागराज में वालीबाल प्रतियोगिता होगी
प्रयागराज को अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की वालीबाल प्रतियोगिता आयोजित करने की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश को एक साथ आठ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलना स्कूल खेलों के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे खेल आयोजन क्षमता और प्रतिभाओं के विकास को भी नई गति मिलेगी।
लखनऊ को बेस्ट आयोजन का मिला था पुरस्कार
एसजीएफआइ के कार्यकारी सदस्य भगवती सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग में एथलेटिक्स के आयोजन की मेजबानी लखनऊ ने की थी और उसे सर्वश्रेष्ठ आयोजन के लिए बेस्ट आयोजन का पुरस्कार दिया गया था।