रायबरेली में सड़क हादसा, जलाभिषेक कर लौट रहे शिवभक्तों का पलटा ई-रिक्शा; 1 की मौत कई घायल
रायबरेली के शिवगढ़ में जलाभिषेक कर लौट रहे शिवभक्तों का ई-रिक्शा अज्ञात वाहन की टक्कर से पलट गया। इस हादसे में एक शिवभक्त की मौत हो गई और सात अन्य घाय ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
रायबरेली में अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा।
जलाभिषेक कर लौट रहे 10 शिवभक्तों में से 7 घायल।
एक शिवभक्त भोलेंद्र की लखनऊ ले जाते समय मौत।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। शिवगढ़ के तरौंजा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ई-रिक्शा पलट गया। घटना के समय ई-रिक्शा पर 10 शिवभक्त सवार थे। सभी जलाभिषेक कर घर लौट रहे थे। हादसे में रिक्शा सवार सात शिवभक्त घायल हो गए।
सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से एक युवक को लखनऊ व अन्य को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन लखनऊ ले जाते समय युवक की मौत हो गई।
ढेकवा गांव के 10 युवकों का जत्था रविवार की रात बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित औसानेश्वर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने गया था। सोमवार की तड़के करीब तीन बजे सभी शिवभक्त जलाभिषेक कर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे।
तरौंजा मजरे कुंभी के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में किनारे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रिक्शा सवार भोलेंद्र, अंकित, दत्त गंज पिपरी के मोहित, अमन, रौनक, विवेक व मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
गनीमत रही कि रिक्शा सवार तीन अन्य युवक बाल-बाल बच गए। पुलिस ने राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भोलेंद्र को ट्रामा सेंटर लखनऊ तथा अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लखनऊ ले जाते समय रास्ते में भोलेंद्र की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह का कहना है कि सड़क हादसे में एक युवक मौत हो गई है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।