नहर में गिरी कार, भीगा एडमिट कार्ड... पर नहीं टूटा पिता का हौसला; हादसे को भुलाकर बेटी को दिलाई TET परीक्षा
रायबरेली में टीईटी परीक्षा दिलाने जा रहे पिता-पुत्री की कार नहर में गिर गई। हादसे के बावजूद पिता ने हिम्मत नहीं हारी और बेटी को समय पर परीक्षा केंद्र ...और पढ़ें
HighLights
टीईटी दिलाने जा रहे पिता-पुत्री की कार नहर में गिरी।
ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला, पिता ने भीगा प्रवेश पत्र सुखाया।
हादसे के बावजूद पिता ने बेटी को समय पर परीक्षा दिलाई।
संवाद सूत्र, रायबरेली। मां प्रेम और करुणा का सागर होती है तो पिता हौसले का आसमान है...। बेटी का भविष्य संवारने को पिता ने यह साबित भी किया। पुत्री को शिक्षक पात्रता परीक्षा दिलाने लखनऊ ले जा रहे थे तभी सामने से आए कुत्ते को बचाने में उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर में चली गई। वाहन में पानी भर गया और दोनों डूबने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद भी पिता ने हिम्मत नहीं हारी। भीगे प्रवेश पत्र को सुखाया और दूसरी कार से लिफ्ट लेकर बेटी को समय पर परीक्षा दिलाने लखनऊ रवाना हो गए।
लालगंज कस्बा निवासी प्रदीप शनिवार सुबह पुत्री निहारिका को टीईटी दिलाने के लिए कार से लखनऊ जा रहे थे। चुरुवा पश्चिम बाईपास के पास रामपुर गांव के निकट कार के सामने कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी। वाहन में तेजी से पानी भरने लगा और दोनों अंदर ही फंस गए।
पिता ने हौसला बढ़ाकर बेटी को दिलाई परीक्षा
मंजर देख कर आसपास के ग्रामीण दौड़े और बिना समय गंवाए नहर में उतर गए। कड़ी मशक्कत के बाद पिता-पुत्री को सुरक्षित निकाला गया। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आईं, जबकि उनके कपड़े और परीक्षा से संबंधित कागज भीग गए। घटना के बाद निहारिका कुछ देर के लिए घबरा गईं, लेकिन पिता प्रदीप ने हौसला बढ़ाया और परीक्षा छोड़ने के बजाय हर हाल में केंद्र तक पहुंचने का फैसला किया।
ग्रामीणों ने दूसरी कार रोकवाकर दोनों को लिफ्ट दिलाई। उसके पूर्व रामपुर चौराहे पर एक चाय की दुकान पर भीगे प्रवेश पत्र को सुखाया गया, ताकि परीक्षा के दौरान कोई दिक्कत न हो। इसके बाद दोनों शृंगार नगर, आलमबाग स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे और सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित टीईटी में निहारिका शामिल हुईं।
खबरें और भी
परीक्षा समाप्त होने के बाद पिता-पुत्री लौटे। उन्होंने ग्रामीणों का धन्यवाद भी दिया। जिन्होंने हादसे के समय उनकी मदद की। इस बीच सूचना मिलने पर निहारिका के चाचा अनिल सिंह मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर की मदद से नहर में से कार को बाहर निकलवाया। थानाध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। कार को नहर से बाहर निकलवा दिया गया है।