Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रायबरेली में मां के साथ खेत जा रहे भाई-बहन की आकाशीय बिजली गिरने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 07:17 PM (GMT+05:30)

    रायबरेली के खीरों में वज्रपात की घटना में खेत जा रहे भाई-बहन की मौत हो गई। इस दुखद हादसे से परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया। ...और पढ़ें

    अभिषेक और अंजलि (फाइल फोटो)

    अभिषेक और अंजलि (फाइल फोटो)

    संवाद सूत्र, रायबरेली। खीरों में वज्रपात की घटना ने हंसते खेलते परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल दी। रिमझिम बारिश के बीच खेत जा रहे रहे गांव निवासी भाई-बहन की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।

    खीरों के मिर्जापुर के सराय महमूद निवासी विजय कुमार पंजाब के लुघियाना में मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी शिवकांती गांव में तीन बच्चों आठ वर्षीय अभिषेक उर्फ अभी पासवान, छह वर्षीय अंजलि व छह माह के अंकुश के साथ रहती हैं। विजय कुछ दिन पूर्व ही गांव आए हैं।

    बताया जा रहा है कि गुरुवार को अभिषेक व अंजलि स्कूल से वापस आने के बाद अपनी मां के साथ गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत में धान की रोपाई देखने जा रहे थे। अंकुश अपनी मां की गोद में था, जबकि अभी व अंजलि थोड़ा आगे छाता लेकर चल रहे थे।

    गांव में पसरा मातम

    इस दौरान रिमझिम बारिश भी हो रही थी, तभी रास्ते में अचानक गरज के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से अभी व अंजलि गंभीर रूप से झुलस गए। परिवारजन व ग्रामीणों ने आनन-फानन दोनों को खीरों सीएचसी पहुंचाया, जहां ईएमओ डॉ. पीके श्रीवास्तव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    परिवारजन ने बताया कि अभी कक्षा दो व अंंजलि यूकेजी की छात्रा थी। भाई-बहन की आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं गांव में मातम छा गया। गांव व आस पास के लोग दुखद हादसे की सूचना पर सीएचसी पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी ने भी सीएचसी पहुंचकर गमगीन परिवारजन को ढांढस बंधाया और प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बातकर पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।

    लेखपाल आशीष सिंह ने बताया कि राजस्व टीम के साथ सीएचसी में परिवारजन से घटना की जानकारी ली गई है, रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह का कहना है कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

    यह भी पढ़ें- रायबरेली स्टेशन पर TET परीक्षा देने आए युवकों को दबंगों ने पीटा, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप