रायबरेली स्टेशन पर TET परीक्षा देने आए युवकों को दबंगों ने पीटा, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
रायबरेली रेलवे स्टेशन पर टीईटी परीक्षा देने आए तीन अभ्यर्थियों को दुकानदार और उसके साथियों ने पुलिस की मौजूदगी में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। ...और पढ़ें

घायल अभ्यर्थी
HighLights
टीईटी अभ्यर्थियों को रेलवे स्टेशन गेट पर पीटा गया।
पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट, हस्तक्षेप नहीं किया।
प्याज मांगने पर विवाद, दुकानदार ने साथियों को बुलाया।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। रेलवे स्टेशन गेट के बाहर गुरुवार को टीईटी परीक्षा देने आए तीन अभ्यर्थियों के साथ दुकानदार और उसके सहयोगियों द्वारा पुलिस के सामने दौड़ा दौड़ाकर पीटाई कर दिया गया। तीनों घायलों का आरोप है कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया। घटना के बाद पीड़ित छात्रों ने नगर कोतवाली पुलिस के साथ ही डायल-112 पर सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, टीईटी परीक्षा में शामिल होने आए जिला प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली अजीत नगर निवासी प्रमित , पड़ाववार्ड निवाी स्वतंत्र कुमार, पुरानी आबकारी निवासी आशीष कुमार रेलवे स्टेशन गेट के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान दुकान में भोजन करते समय प्याज मांगने को लेकर उनका एक दुकानदार से विवाद हो गया।

दबंगों के आगे बेबस दिखी खाकी
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अपने आठ-10 सहयोगियों को बुला लिया और तीनों छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर सिविल पुलिस, यातायात पुलिस की मौजूदगी में पीटा। मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि पूरी घटना के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया।

दबंगों के आगे बेबस खाकी होने पर अलग अलग चर्चाएं व्याप्त रही। किसी तरह जान बचाकर निकले छात्रों ने तत्काल नगर कोतवाली पुलिस और डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। घटना के बाद छात्रों ने आरोपित दुकानदार और उसके सहयोगियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खबरें और भी
टीईटी परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा को लेकर हुई इस घटना ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार का कहना है कि जिस क्षेत्र में मारपीट हुआ है। वह क्षेत्र नगर कोतवाली का है।