रायबरेली के ऊंचाहार में 5 करोड़ की लागत से साइडिंग निर्माण शुरू, 5 जिलों के व्यापारियों को मिलेगी राहत
रायबरेली के ऊंचाहार रेलवे स्टेशन पर 5 करोड़ रुपये की लागत से नई साइडिंग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे रायबरेली सहित पांच जिलों के व्यापारियों ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
ऊंचाहार में 5 करोड़ की लागत से नई रेलवे साइडिंग।
रायबरेली सहित पांच जिलों के व्यापारियों को मिलेगा लाभ।
माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी, व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। ऊंचाहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर नई साइडिंग बनाने का काम शुरू हो गया है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस साइडिंग के तैयार होने के बाद माल ढुलाई की सुविधा बेहतर होगी। इससे रायबरेली के साथ ही अमेठी, प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशांबी जिले के आंशिक व्यापारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
साइडिंग निर्माण के लिए प्लेटफार्म नंबर तीन पर काम शुरू कराया गया है। प्रस्तावित साइडिंग में प्लेटफार्म के साथ व्यापारी कक्ष, मजदूर कक्ष, टिनशेड व मालबाबू कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा माल लदान व उतारने से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी। साइडिंग बनने के बाद व्यापारियों को माल की आवाजाही में सहूलियत मिलेगी व रेलवे के माध्यम से सामान की ढुलाई आसान हो सकेगी।
लाभ मिलने की उम्मीद
व्यापारियों के लिए रेलवे साइडिंग बनने से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले माल को आसानी से मंगाने और भेजने की सुविधा मिलेगी। इससे सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होने के साथ ही माल परिवहन में लगने वाले समय और खर्च में भी कमी आने की संभावना है। ऊंचाहार की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए आसपास के जिलों के व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- कानपुर, फतेहपुर और गाजियाबाद को बड़ी सौगात, यूपी में खुलेंगी तीन नई प्राइवेट यूनिवर्सिटी; लेटर जारी
स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठी ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद साइडिंग को माल ढुलाई के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इससे ऊंचाहार स्टेशन की माल परिवहन क्षमता में भी वृद्धि होगी। साइडिंग के निर्माण से स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जिन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शुरु हो गया। इसके साथ ही हाई मास्ट लाइटें भी लगाई जा रही हैं।