UPPSC Success: 10 घंटे की पढ़ाई का मिथक तोड़ा, अंशिका ने सिर्फ 5 घंटे पढ़कर पाई तहसीलदार की 3rd रैंक
रामपुर की अंशिका ने यूपीपीएससी पीसीएस 2024 परीक्षा में तहसीलदार के पद पर तीसरी रैंक हासिल की। उन्होंने 10 घंटे की पढ़ाई के मिथक को तोड़ते हुए प्रतिदिन ...और पढ़ें

अंशिका को मिठाई खिलाते उनके भाई अनुभव वशिष्ठ भाभी शिल्पा। जागरण
HighLights
राहुल सैनी व नेहा सागर को नायब तहसीलदार के पद पर मिली सफलता
स्वजन ने बांटी मिठाई, बधाई देने वालों का लगा तांता
जागरण संवाददाता, रामपुर। दूसरे प्रयास में अंशिका ने यूपीपीएससी की पीसीएस-2024 की परीक्षा में सफलता हासिल कर ली। चयनित तहसीलदारों की सूची में वह तीसरे पायदान पर रहीं। इसी तरह राहुल सैनी व नेहा सागर का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। इस सफलता पर स्वजन गदगद हैं वहीं उन्हें बधाई देने वालों का घर पर तांता लगा रहा।
मूलत: सैफनी के रहने वाले विष्णु शर्मा शहर की ज्वाला नगर कालोनी में रहते हैं। मिलक तहसील में कानूनगो के पद पर तैनात विष्णु शर्मा की बेटी अंशिका ने इंटर की पढ़ाई सेंट मेरी स्कूल से की है। इसके बाद वर्ष 2021 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलतराम कालेज से उन्होंने जीव विज्ञान से बीएससी आनर्स की डिग्री हासिल की।
फिर उन्होंने दिल्ली में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू कर दी। पहले प्रयास में वह नाकाम रहीं। दूसरे प्रयास के तहत सोमवार को घोषित परीक्षा परिणाम में अंशिका तहसीलदार के पद पर चयनित हो गईं। अंशिका पिछले दो वर्षों से दिल्ली में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य यूपीएससी में सफलता हासिल करना है। इसके लिए वह आगे भी अपनी तैयारी करती रहेंगी।
अंशिका का पूरा परिवार सरकारी विभाग में
दूसरे प्रयास में तहसीलदार के पद पर चयनित अंशिका के माता-पिता के साथ सभी भाई-बहन सरकारी विभाग में कार्यरत हैं। अंशिका के पिता कानूनगो व मां प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं।
सबसे बड़ी बहन सुरभि मूंढापांडे स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक और भाई अनुभव वशिष्ठ पटवाई में लेखपाल हैं। तीसरे नंबर की बहन शेफाली क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हैं जिनकी नियुक्ति बरेली में है। अंशिका की भाभी शिल्पा भी लेखपाल हैं।
खबरें और भी
सफलता के लिए लगे रहना जरूरी: अंशिका
अंशिका कहती हैं कि सिविल सर्विसेज की तैयारी में लगे युवाओं के लिए एक मिथक बना दिया गया है कि कम से कम प्रतिदिन आठ से दस घंटे पढ़ाई जरूरी है। कहा कि ये बिल्कुल जरूरी नहीं है। प्रतिदिन ध्यानमग्न होकर पांच घंटे की पढ़ाई करके भी सफलता पाई जा सकती है।
देश दुनिया की जानकारी के साथ सवालों के जवाब बेहतर ढंग से लिखने का अभ्यास आपको सफलता दिलाएगा। साथ ही अपने भाव और उद्गारों को व्यक्त करने की भी बेहतर प्रेक्टिस करनी चाहिए। साक्षात्कार में सफलता के लिए यह बहुत जरूरी है। कहा कि ये परीक्षा एक मेंटल टेस्ट है, बड़ी चुनौती है मगर सफलता के लिए लगे रहना जरूरी है।
इसके अलावा सैदनगर ब्लाक के दलेल नगर गांव के रहने वाले राहुल कुमार सैनी ने 128वीं रैंक के साथ नायब तहसीलदार व मुहल्ला रोशनबाग रामपुर की निवासी नेहा सागर 183वीं रैंक पाकर नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हुई हैं। राहुल सैनी की मां कमला ग्राम दलेल नगर की प्रधान हैं और पिता चंद्रसेन नलकूप विभाग में अमीन हैं। राहुल दो बहन व चार भाईयों में सबसे छोटे हैं।
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 2016 में राहुल मुरादाबाद मंडल में टापर रहे थे। वहीं बिलासपुर की रहने वाली नेहा का विवाह चार वर्ष पूर्व रामपुर के मुहल्ला रोशनबाग निवासी आयुष गौतम के साथ हुआ है। आयुष नोयडा मेट्रो में डीजीएम हैं। वहीं नेहा बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक के पद पर काम कर रही हैं। उनकी तैनाती बिलासपुर प्राथमिक विद्यालय प्रथम में तैनाती है।
रोहित बने ब्लाक विकास अधिकारी
यूपीपीएससी की ओर से जारी परीक्षा परिणाम में गांव मालनखेड़ा मिलक निवासी रोहित कुमार को खंड विकास अधिकारी के पद पर सफलता मिली है। रोहित के पिता नत्थू लाल गंगवार का साल भर पहले निधन हो चुका है।
वर्ष 2022 में रोहित का गृह मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन आफिसर के पद पर चयन हो गया था। फिलहाल वह दिल्ली में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। रोहित ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई मिलक में ही की है। अभी वह नौकरी के साथ दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में पीएचडी भी कर रहे हैं।