विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजम खान मामले में नया मोड़: क्वालिटी बार कब्जाने के केस में वादी के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया वारंट

Updated: Tue, 11 Aug 2026 06:48 PM (IST)

सपा नेता आजम खान के खिलाफ क्वालिटी बार कब्जाने के मामले में नया मोड़ आया है। मुकदमे के वादी गगन अरोड़ा के गवाही के लिए कोर्ट न पहुंचने पर उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किए गए हैं।

आजम खान

आजम खान

HighLights

  1. गवाही के लिए न्यायालय नहीं पहुंचे मुकदमे के वादी

जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता आजम खान के खिलाफ क्वालिटी बार की जगह कब्जाने के मामले में मंगलवार को भी गवाही नहीं हो सकी। इसमें मुकदमे के वादी क्वालिटी बार संचालक गगन अरोड़ा की गवाही होनी है। वह पिछली कई तारीखों से नहीं आ रहे हैं। न्यायालय ने उनके जमानती वारंट जारी किए हैं।

आजम खान व अन्य के खिलाफ बीपी कालोनी निवासी गगन लाल अरोड़ा ने सिविल लाइंस कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह विकास भवन के निकट जिला सहकारी विकास संघ (डीसीडीएफ) की दुकान में क्वालिटी बार चलाते थे।

उनके मुताबिक डीसीडीएफ की दुकान करीब 60 साल से उनके परिवार के पास थी, जिसका 2820 रुपये प्रति वर्ष की दर से किराया डीसीडीएफ में जमा किया जाता था। उनके द्वारा 31 सितंबर 2013 तक किराया जमा कर दिया गया था।

2013 में प्रदेश में सपा की सरकार थी और आजम खान मंत्री थे। पुलिस विभाग उनके इशारे पर काम करता था। आरोप है कि 13 फरवरी 2013 को आजम खान के साथ सेवानिवृत्त सीओ आले हसन खां (घटना के समय सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी), जिला सहकारी बैंक के तत्कालीन चेयरमैन मास्टर जाफर और डीसीडीएफ के तत्कालीन सचिव कामिल खां दुकान पर आए।

उनके साथ सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस फोर्स भी थी। उन्होंने आते ही दुकान का सामान फेंकना शुरू कर दिया। गल्ले में रखे 16,500 रुपये भी लूट लिए थे। जबरन उनकी दुकान को खाली कर बाद में आजम खां की पत्नी के नाम आवंटित कर दिया गया था।

पुलिस ने उल्टा उनके ऊपर ही धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था। उन्हें इस मामले में जमानत करानी पड़ी थी। वर्ष 2019 में भाजपा सरकार आने पर पुलिस ने उनकी ओर से प्राथमिकी दर्ज की थी।

पुलिस ने जांच कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था, जिसमें आजम खान की पत्नी डाॅ. तजीन फात्मा व बेटे अब्दुल्ला को भी आरोपित बनाया। इस मुकदमे की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है।

यह भी पढ़ें- आजम खान को 10 साल की सजा सुनाने वाले जज का हुआ तबादला, डूंगरपुर केस के फैसले से पहले बड़ा फेरबदल

यह भी पढ़ें- डूंगरपुर केस में नया मोड़: आजम खान के बचाव में आए गवाह का बड़ा दावा- 'राजनीतिक द्वेष में दर्ज हुआ केस'