कोचिंग से लौट रही छात्रा ने मचाया शोर; ग्रामीणों ने दबोचा मनचला, दो समुदायों से जुड़ा मामला, पुलिस बल तैनात
कोचिंग से लौट रही छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने जंगल ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया, जिसका विरोध करने पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौ ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने पर स्थिति तनावपूर्ण, अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं
संवाद सूत्र, मसवासी (रामपुर)। कोचिंग सेंटर से छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने बाइक सवार युवक जंगल की ओर ले गया। आरोप है कि सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद युवक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने आरोपित युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
बताया गया है कि चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा शुक्रवार को कोचिंग सेंटर से पढ़ाई के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार युवक को जाता देखकर छात्रा ने घर तक पहुंचाने के लिए उससे लिफ्ट मांगी। आरोप है कि युवक छात्रा को घर पहुंचाने के बजाय बाइक से जंगल की ओर ले गया।
सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद युवक ने कथित तौर पर छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख युवक ने भागने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित की जमकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से आरोपित युवक को छुड़ाकर चौकी ले आई।
खबरें और भी
पुलिस ने छात्रा और उसके स्वजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। घटना को लेकर छात्रा के स्वजनों में रोष है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस आरोपित युवक को हिरासत में लेकर मामले की जानकारी जुटा रही है। आरोपित युवक को स्वार कोतवाली भेज दिया गया है। मामले की जानकारी पर स्वार कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।