रामपुर में 1.5 करोड़ की स्मैक के साथ 5 गिरफ्तार; मुरादाबाद और उत्तराखंड से आए थे खरीदार, नादिर मियां का बेटा चला रहा था नेटवर्क
रामपुर में एसओजी और शहर कोतवाली पुलिस ने ढाई किलो स्मैक के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस अवैध धंधे को पुराने ड्रग तस्कर नादिर मियां का बेटा फ ...और पढ़ें

लगभग डेढ़ करोड़ की स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपितों के बारे में जानकारी देते एसपी अनिल सिसौदिया। जागरण
HighLights
एसओजी और कोतवाली पुलिस ने बरामद की ढाई किलो स्मैक
जागरण संवाददाता, रामपुर। एसओजी और शहर कोतवाली पुलिस ने ढाई किलो स्मैक के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। नशे का यह अवैध धंधा पुराने ड्रग तस्कर नादिर मियां का बेटा फाजिल चला रहा था। वह अपने साथी जावेद पोटा की मदद से माल मुरादाबाद और उत्तराखंड से आए लोगों को माल बेच रहा था कि इसी दौरान पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस के हाथ ढाई किलो स्मैक के साथ पांच लोग लगे। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पकड़े लोगों के पास से 71 हजार रुपये, आठ मोबाइल फोन, दो बाइकें और एक स्कूटी भी मिली है। पांचों आरोपितों को सोमवार को अपराह्न करीब एक बजे सामने लाया गया।
पुलिस अधीक्षक अनिल सिसोदिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में शहर कोतवाली क्षेत्र के हाथी खाना चौराहा का फाजिल, थाना सिविल लाइन के मुहल्ला मैगजीन का जावेद पोटा, थाना गंज के नानकार का इमरान, मुरादाबाद के भोजपुर के गांव पीपल साना का कासिम और उत्तराखंड के जिला ऊधम सिंह नगर के थाना काशीपुर के मुहल्ला काली राख निवासी फैजान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नशे का धंधा एक सामाजिक अपराध है। प्रधानमंत्री मन की बात में छात्रों और युवाओं से नशा मुक्त भारत बनाने में सहयोग की बात भी कर चुके हैं। जिले को भी हम नशा मुक्त करने के लिए अभियान चला रहे हैं। हमने जानकारी की तो पता चला कि कुछ लोग स्मैक की पुड़िया बेचने का काम कर रहे हैं।
खबरें और भी
उनकी धरपकड़ के लिए एसओजी और शहर कोतवाली की टीम बनाई गई। टीम ने सोमवार को हमसफर चौक से मिलक बेनजीर रोड पर निर्माणाधीन पुल के पास से पांच लोगों को सौदेबाजी करते पकड़ लिया। उनसे बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ है।
स्मैक बेचने का काम फाजिल और उसका साथी जावेद पोटा करता था। जावेद कचहरी में किसी अधिवक्ता का मुंशी बताया जाता है। बाकी तीनों आरोपित इन दोनों से स्मैक खरीदने आए थे। मुखबिर से मिली सूचना पर इन्हें पकड़ लिया गया। नशे के इस नेटवर्क में और लोगों के भी शामिल होने की जानकारी मिली है। उनका पता लगाया जा रहा है।
फाजिल से पहले उसके पिता नादिर मियां यह धंधा करते थे। उनके बारे में जानकारी हुई है कि वह दिल्ली में ड्रग तस्करी में जेल भी काट चुके हैं। उनके बारे में जानकारी कराई जा रही है। अधिक उम्र होने के कारण अब उनका बेटा फाजिल यह धंधा कर रहा था। वह स्मैक कहां से लाता है, इसकी जानकारी की जा रही है।