जौहर यूनिवर्सिटी: बिना अनुमति धरने पर बैठी सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव गिरफ्तार, जमानत के बाद हुई रिहाई
सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव नीलम सिंह यादव और उनके समर्थकों को रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में बिना अनुमति धरना ...और पढ़ें

जौहर विश्वविद्यालय प्रकरण को लेकर गांधी समाधि पर धरने पर बैठी प्रयागराज की महिला नीलम सिंह यादव।
HighLights
सपा महिला सभा सचिव नीलम यादव रामपुर में गिरफ्तार हुईं।
जौहर यूनिवर्सिटी ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में धरना दिया।
बिना अनुमति प्रदर्शन पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, रामपुर। जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश वापस लेने की मांग को लेकर गांधी समाधि पर धरना देने आईं सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव नीलम सिंह यादव और उनके समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ बिना अनुमति धरना देने और निषेधाज्ञा बीएनएस की धारा 163 (पूर्व में आईपीसी की धारा 144) का उल्लंघन करने पर प्राथमिकी दर्ज की है। हालांकि बाद में सभी को थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया।
महिला सभा की प्रदेश सचिव रविवार को प्रयागराज से अपराह्न करीब डेढ़ बजे यहां पहुंची और सभी गांधी समाधि पर बैनर लगाकर धरना देकर बैठ गईं। उनका कई दिन से यहां धरना देने को लेकर कार्यक्रम इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा था, जिसमें उनके द्वारा जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश वापस होने तक आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी गई थी।
हालांकि इस संबंध में स्थानीय सपा नेताओं को कोई जानकारी नहीं थी। उनके धरने पर बैठने की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया। नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम और उप जिलाधिकारी हर्षवर्धन पहुंच गए। महिला थाना और शहर कोतवाली पुलिस भी आ गई। उन्हें धरने से हटा दिया गया और महिला थाने ले जाया गया।
इस दौरान जानकारी मिलने पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू भी पहुंच गए। पुलिस धरना दे रहे सभी लोगों को पकड़कर कोतवाली ले गई। पुलिस ने महिला सभा की प्रदेश सचिव समेत उनके साथ आए जौनपुर के मुहल्ला मथली पट्टी सराय ख्वाजा के संदीप मौर्या, बागपत के मविकला निवासी आरिफ, भोजपुर मुरादाबाद के आरिफ खां और मुहल्ला पीपलसाना भोजपुर के साने आलम को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। कुछ अज्ञात भी शामिल हैं।
खबरें और भी
प्राथमिकी महिला उप निरीक्षक नीशू कुमारी की ओर से दर्ज की है। हालांकि सभी आरोपितों को थाने से ही जमानत मुचलके भरवाकर छोड़ दिया। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि जिले में धारा 163 लागू है। धरने की अनुमति नहीं थी। बावजूद इसके धरना दिया गया, जिससे जाम की स्थिति बनी। इस पर कार्रवाई की गई।