कौन हैं कुमार सत्यम, जिन्हें AI नवाचार से मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान; जिनेवा में आयोजित समिट में मिला सम्मान
Saharanpur News: सहारनपुर निवासी कुमार सत्यम को जिनेवा में आयोजित एआई फॉर गुड ग्लोबल समिट में उनके 'डिस्ट्रिक्ट एआई नेक्सस' मॉडल के लिए इनोवेट फॉर इंप ...और पढ़ें

अवार्ड मिलने पर सीईक्यूयू के संस्थापक कुमार सत्यम को मिठाई खिलाते स्वजन। जागरण
HighLights
सहारनपुर निवासी सत्यम ने वर्ष 2022 में सीईक्यूयू लैब्स के नाम से स्टार्टअप किया स्थापित।
ललितपुर और बहराइच जिलों में सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा जा चुका है उनका मॉडल।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जनपद निवासी कुमार सत्यम ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित एआइ फॉर गुड ग्लोबल समिट में देश का मान बढ़ाया है।
कुमार सत्यम के एआइ आधारित डिस्ट्रिक्ट एआइ नेक्सस माॅडल को अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) के प्रतिष्ठित इनोवेट फोर इंपेक्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। बता दें कि कुमार सत्यम सीईक्यूयू लैब्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं।
पंत विहार कालोनी निवासी कुमार सत्यम ने बताया कि यह पुरस्कार उन तकनीकों को दिया जाता है, जो एआइ के माध्यम से समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने की क्षमता रखती हैं। डिस्ट्रिक्ट एआइ नेक्सस (District AI Nexus) को प्रशासन को अधिक तेज, पारदर्शी, डेटा आधारित और प्रभावी बनाने के लिए विकसित किया गया है।
पारंपरिक ई-गवर्नेंस प्रणाली से आगे बढ़कर करता है डिस्ट्रिक्ट एआइ नेक्सस
यह पारंपरिक ई-गवर्नेंस प्रणाली से आगे बढ़कर एक आधुनिक इंटेलिजेंट गवर्नेंस प्लेटफार्म के रूप में कार्य करता है। यह सरकारी आदेशों, विभागीय सूचनाओं, नागरिक शिकायतों, जीआइएस डेटा, सीसीटीवी नेटवर्क, आइओटी सेंसर और आपातकालीन सेवाओं जैसी कई जानकारियों को एक मंच पर जोड़ता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका आरएजी (रिट्राइवल-आर्गमेंटेड जनरेशन) आधारित दस्तावेज विश्लेषण इंजन है।
यह केवल सामान्य एआइ जानकारी पर निर्भर नहीं रहता, बल्कि पहले संबंधित सरकारी आदेश, अधिसूचनाएं, परिपत्र, मानक संचालन प्रक्रियाएं (SOP) और अन्य आधिकारिक दस्तावेज खोजता भी है। इसके बाद उन्हीं के आधार पर अधिकारियों को उत्तर और सुझाव देता है।
डिस्ट्रिक्ट एआइ नेक्सस में एजेंटिक एआइ, डिजिटल ट्विन टेक्नोलॉजी, जियोस्पेशियल एनालिटिक्स, सिक्योर एज कंप्यूटिंग, आइओटी इंटीग्रेशन और बहुभाषी एआइ जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है।
भारतीय भाषाओं में संवाद करने में भी सक्षम
कुमार सत्यम ने बताया कि उनके माडल काे पायलट प्रोजेक्ट के तहत उत्तर प्रदेश के ललितपुर और बहराइच जिलों में सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा जा चुका है। यह भारतीय भाषाओं में संवाद करने में भी सक्षम है, जिससे स्थानीय स्तर पर इसका उपयोग आसान हो जाता है।
खबरें और भी
इस पुरस्कार के लिए प्रस्तुत आवेदन में उन्होंने बहराइच के डीएम अक्षय त्रिपाठी के प्रशासनिक सहयोग का भी उल्लेख किया था। कुमार सत्यम के प्लेटफार्म को अवार्ड मिलने पर उनके पिता भूपेश कुमार, माता राकेश धीमान और पत्नी हरमन दीप ने खुशी जताई और उनका मुंह मीठा कराया।
स्मार्ट सस्टेनेबल विलेज पर भी शोध किया प्रकाशित
कुमार सत्यम ने बताया कि वह काफी समय से एआइ, दूरसंचार और साइबर-फिजिकल सिस्टम पर शोध कर रहे हैं। उन्होंने स्मार्ट सस्टेनेबल विलेज की अवधारणा पर भी शोध प्रकाशित किया है। इसका उद्देश्य सीमित संसाधनों वाले गांवों को आधुनिक तकनीक की मदद से स्मार्ट और आत्मनिर्भर बनाना है।
यह भी पढ़ें- UP के गांव की बेटी डॉ. सुनीता सिंह बनीं हिमाचल प्रदेश में उच्च शिक्षा निदेशक, ग्रामीणों ने जताई खुशी
इसमें एआई आधारित सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, ई-हेल्थ, ई-एजुकेशन, डिजिटल गवर्नेंस और डिजिटल कॉमर्स जैसी सुविधाओं को एक साथ जोड़ने की परिकल्पना की गई है। डिस्ट्रिक्ट एआई नेक्सस इसी सोच का अगला चरण है, जिसमें स्मार्ट गांव की अवधारणा को पूरे जिले के स्तर तक विस्तारित किया गया है।
यह भी पढ़ें- अपने गांव के नाम से छुटकारा पाना चाहते हैं लोग... पीढ़ियां गुजर गईं, सरकारें बदल गईं; लेकिन यह नहीं बदला
उन्होंने कहा कि एआइ का उद्देश्य केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं, बल्कि उसे आम लोगों और सरकारी अधिकारियों के लिए सरल, भरोसेमंद और उपयोगी बनाना है।