सहारनपुर में एक हजार बैग डीएपी की कालाबाजारी, आइपीएल के एजेंट-होलसेलर पर मुकदमा
सहारनपुर में किसानों के लिए आए डीएपी उर्वरक की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी का मामला सामने आया है। डीएम के आदेश पर जिला कृषि अधिकारी ने आईपीएल कंपनी के ए ...और पढ़ें

सहारनपुर में एक हजार बैग डीएपी की कालाबाजारी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जनपद में किसानों को आपूर्ति के लिए आए डीएपी की बड़े स्तर पर कालाबाजारी का मामला सामने आया है। कंपनी के एजेंट और होलसेलर की मिलीभगत से उर्वरक को जनपद में आने से पहले ही माफिया को ब्लैक में बेच दिया गया।
डीएम के आदेश पर जिला कृषि अधिकारी ने आइपीएल कंपनी के एजेंट और होलसेलर फर्म में संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार ने बीती 13 मई को होलसेलर अभिषेक अग्रवाल की बेहट रोड स्थित होलसेल फर्म एकेआरके तथा रिटेल फर्म सरस मार्केटिंग का निरीक्षण किया था। इस दौरान फर्म पर स्टाक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, बिल बुक और रेट बोर्ड तक उपलब्ध नहीं मिला था।
एकेआरके फर्म की आइडी पर 45 मीट्रिक टन आइपीएल कंपनी का डीएपी और सरस मार्केटिंग की रिटेल आइडी पर 4.4 मीट्रिक टन डीएपी की उपलब्धता दर्शाई गई थी, जबकि मौके पर डीएपी का एक भी बैग उपलब्ध नहीं मिला। कृषि अधिकारी ने अभिषेक अग्रवाल और आइपीएल कंपनी को नोटिस जारी किया था।
जांच में आइपीएल फर्टिलाइजर कम्पनी के जनपद प्रतिनिधि यदुवेन्द्र एवं एकेआरके फर्म के स्वामी अभिषेक अग्रवाल की मिलीभगत से एक हजार बैग डीएपी की कालाबाजारी किए जाने की पुष्टि होने पर जिला कृषि अधिकारी ने डीएम को अवगत कराया।
डीएम के आदेश पर जिला कृषि अधिकारी ने उर्वरक के होलसेलर अभिषेक अग्रवाल निवासी दीनानाथ बाजार तथा आइपीएल कंपनी के प्रतिनिधि यदुवेंद्र के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
गुमराह करने का किया प्रयास
जांच के दौरान होलसेलर ने गुमराह करने का भी प्रयास किया। उसने फर्म की आइडी पर दिख रहे डीएपी को कंपनी के मेरठ स्थित गोदाम में रखे होने का दावा किया, जबकि कंपनी के प्रतिनिधि ने कंपनी के गोदाम में डीएपी नहीं रखे होने की बात कही।
खबरें और भी
जिला कृषि अधिकारी ने नोटिस जारी किया तो जवाब में फर्म स्वामी ने बताया कि कंपनी द्वारा 450 कुंतल डीएपी मुजफ्फरनगर रैक प्वाइंट से जारी की गई थी। उसने भुगतान में असमर्थता जताई तो आइपीएल कंपनी के सेल मैनेजर ने दबाव बनाकर प्राप्ति करा दी।
यह भी पढ़ें- छह हजार किसान खेतों में उगा रहे सेहत का खजाना, डीएपी और यूरिया आदि रासायनिक खादों व कीटनाशकों से बनाई दूरी
इसके बाद उक्त डीएपी को माफिया को बेच दिया गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि ट्रक नंबर HR-60M5499 में करीब 300 बैग और ट्रक नंबर RJ-11GD 0602 में करीब 700 बैग डीएपी लदवाकर कालाबाजारी कर दी गई।
जो डीएपी किसानों को वितरित की जानी चाहिए थी, उसे माफिया को बेचकर मुनाफा कमाया गया है । होलसेलर अभिषेक अग्रवाल और आइपीएल के प्रतिनिधि यदुवेंद्र के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई गई है । छापेमारी की कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी सूरत में उर्वरक की कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
- कपिल कुमार, जिला कृषि अधिकारी