Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'जब रोड नहीं तो वोट नहीं': चंदौसी में टूटी सड़क पर फूटा जनता का गुस्सा, पालिका के खिलाफ लगाए फ्लेक्सी

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 06:40 PM (GMT+05:30)

    चंदौसी के खुर्जा गेट, करेली रोड पर टूटी सड़क से परेशान लोगों ने 'जब रोड नहीं तो वोट नहीं' के नारे के साथ विरोध प्रदर्शन किया। नगर पालिका पर शिकायतें अ ...और पढ़ें

    'जब रोड नहीं तो वोट नहीं' लिखी फ्लैक्सी लगाकर विरोध प्रदर्शन करते लोग। जागरण

    'जब रोड नहीं तो वोट नहीं' लिखी फ्लैक्सी लगाकर विरोध प्रदर्शन करते लोग। जागरण

    HighLights

    1. लोग बोले- नगर पालिका में शिकायत करते-करते थक गए, नहीं हुआ कोई समाधान

    जागरण संवाददाता, चंदौसी (संभल)। कई सालों से टूटी पड़ी सड़क के विरोध में जब जिम्मेदारों ने नहीं सुनी तो खुर्जा गेट, करेली रोड के लोगों ने 'जब रोड नहीं तो वोट नहीं' लिखी फ्लैक्सी लगाकर विरोध जताया। लोगों का कहना था कि वे समस्या बताते-बताते थक गए, लेकिन नगर पालिका के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।

    खुर्जा गेट, करेली रोड पर टूटी सड़क के कारण लोग परेशान हैं। यहां के बाशिंदों कें अनुसार, कई सालों से यह रोड क्षतिग्रस्त पड़ी है। बारिश के दिनों में समस्या और भी विकराल हो जाती है।

    उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से इस समस्या के निदान की मांग कई बार की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। नीरज, प्रमोद कुमार, कैलाश, नर्मदा, वीरवती, सत्यप्रकाश आदि लोगों ने बताया कि यह रोड कई गांवों को नगर से जोड़ता है।

    इस रोड से होकर प्रतिदिन स्कूली बच्चे और आम नागरिक गुजरते हैं। बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों का खतरा और बढ़ गया है।

    बीते मंगलवार को भी स्कूल जा रही एक छात्रा गड्ढे में गिर गई, जिससे उसका हाथ टूट गया था। इस मौके पर लोगों ने ''जब रोड नहीं तो वोट नहीं'' लिखी फ्लैक्सी के सामने खड़े होकर नारेबाजी भी की।

    इधर, नगर पालिका के ईओ सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि रोड करीब डेढ़ किमी लंबी है। इसे लोक निर्माण विभाग की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। इस पर जल्द ही काम कराया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- संभल के बाद मुरादाबाद में बड़ा एक्शन, 101 लोगों के पट्टे निरस्त; 55 हेक्टेयर भूमि पर संशय