'पहले 500 साल की पीड़ा, अब विकास की राह', संभल से सीएम योगी का विपक्ष पर सबसे बड़ा प्रहार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने संभल में धार्मिक विरासत, विकास और कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए सपा-कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि संभल अब दंगे-कर ...और पढ़ें

मंच से जनता का अभिवादन स्वीकार करते सीएम योगी आदित्यनाथ
HighLights
सीएम योगी बोले- अब नो दंगा, नो कर्फ्यू, संभल में सब चंगा है
हरिहर मंदिर, 10 हजार एकड़ कब्जामुक्त भूमि, गंगा एक्सप्रेसवे, कानून व्यवस्था के साथ सपा-कांग्रेस पर तीखे हमले
जागरण टीम, संभल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लगभग आधे घंटे से अधिक के संबोधन में धार्मिक विरासत, विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन को केंद्र में रखते हुए सपा और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने सियावर रामचंद्र, पवनसुत हनुमान और वृंदावन बिहारी लाल के जयघोष के साथ भगवान विष्णु के दसवें अवतार भगवान कल्कि की पावन भूमि और हरिहर धाम को नमन किया तथा गणपति की 145 फीट और भगवान राम की 51 फीट प्रतिमा के अनावरण को सौभाग्य बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1526 में विदेशी आक्रांताओं ने हरिहर मंदिर को ध्वस्त कर धर्म और संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया, 19 कूपों पर कब्जा किया और संभल के अस्तित्व से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक तीर्थों की उपेक्षा होती रही, जबकि अब डबल इंजन सरकार उन्हें पुनर्जीवित कर रही है।
24 कोसीय परिक्रमा मार्ग के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और अब कोई भी तीर्थों या गरीबों की भूमि पर कब्जा नहीं कर पाएगा। उन्होंने दावा किया कि 10 हजार एकड़ भूमि कब्जामुक्त कराई गई है, जिसे वंचितों में वितरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भूमि अभिलेख नष्ट करने, आस्था का अपमान करने और गुलामी की मानसिकता से काम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जो लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और रामनवमी की शोभायात्राओं में बाधा डालते थे, उनसे समाज को कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पहले संभल दंगों की पहचान बन गया था, निर्दोष लोग मारे जाते थे और किसी को सजा नहीं मिलती थी, जबकि अब कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि अब नो दंगा, नो कर्फ्यू, अब तो संभल में सब चंगा है।
खबरें और भी
बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई स्थान नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहजोई में पुलिस लाइन, संभल में पीएसी, जिला मुख्यालय, प्रमुख मार्गों का फोरलेन, फ्लाईओवर और अन्य विकास परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे से संभल की दिल्ली, प्रयागराज और हरिद्वार से बेहतर कनेक्टिविटी होगी तथा भविष्य में भगवान कल्कि से जुड़ी आस्था के अनुरूप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेंथा उद्योग को राहत देने के लिए कर में कमी तथा सिंथेटिक उत्पादों पर कर बढ़ाया गया है और चंदौसी में इंटर कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी का चेहरा देखकर काम नहीं करती, बल्कि सबका समान विकास करती है। उन्होंने कहा कि 16 करोड़ लोगों को निश्शुल्क राशन मिल रहा है और योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले योजनाओं की राशि बीच में ही हड़प ली जाती थी।
गरीब, किसान, छात्र और महिलाओं का अधिकार लूटा जाता था, जबकि अब 100 रुपये के 100 रुपये सीधे लाभार्थी तक पहुंचते हैं और हिस्सा मांगने वालों को जेल जाने के लिए तैयार रहना होगा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं पर एक सिंडिकेट का कब्जा था, जबकि अब संभल के युवाओं को भी समान अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले की सरकारों ने गरीबों, पिछड़ों और महिलाओं की चिंता नहीं की, दंगाइयों को संरक्षण और सम्मान दिया जाता था, जबकि आज दंगाइयों को अपनी करतूत की कीमत पता है।
उन्होंने कहा कि अब किसी भी व्यक्ति को गरीब की भूमि पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और यदि कोई ऐसा करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि संभल अब अपनी विरासत, सुरक्षा, सुशासन और विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में यह परिवर्तन लगातार आगे बढ़ेगा।