Dream11 में लुट गए 2 करोड़ तो डाक सहायक ने रची साजिश; 50 खाताधारकों से किया 1.40 करोड़ का गबन
ड्रीम11 सट्टे की लत में डूबे डाक सहायक दीपक कुमार ने 1.40 करोड़ रुपये का गबन किया है। उसने चंदौसी और बहजोई डाकघरों में करीब 50 खाताधारकों को निशाना बन ...और पढ़ें

गबन प्रकरण के बारे में जानकारी देते एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई। साथ में सीओ स्तुति सिंह
HighLights
22 मई को दर्ज पहली एफआईआर के बाद जांच में खुलीं परतें
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। बहजोई डाकघर के चर्चित गबन प्रकरण में पुलिस ने डाक सहायक दीपक कुमार को गिरफ्तार कर पूरे खेल का पर्दाफाश किया है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि चंदौसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सेमर टोला निवासी आरोपित ड्रीम11 पर सट्टा खेलने का आदी था।
लगातार हार और बढ़ती देनदारी के चलते उसने पहले लोन लिया और बाद में डाकघरों में जमा खाताधारकों की रकम का गबन शुरू कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि वह 11 जून 2025 से 12 मार्च 2026 तक बहजोई डाकघर में तैनात रहा, जबकि इससे पहले चंदौसी डाकघर में कार्यरत था।
वहीं उसने एफडी और स्माॅल सेविंग में जमा होने वाली रकम खातों में जमा करने के बजाय अपने खर्च और ऑनलाइन सट्टेबाजी में लगानी शुरू कर दी। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पाठकपुर निवासी रामवती ने 27 सितंबर 2025 को डेढ़ लाख रुपये जमा कराए थे, लेकिन उन्हें मूल के स्थान पर फर्जी पासबुक दे दी गई।
बाद में खाते की जांच में उसमें केवल 3,278 रुपये शेष मिले। इसी शिकायत के बाद विभागीय जांच शुरू हुई और 22 मई को बहजोई थाने में एफआईआर दर्ज हुई। विवेचना में सामने आया कि दो अप्रैल 2019 से 16 मार्च 2026 के बीच आरोपित के बैंक खाते में करीब 1.50 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ, जो उसकी आय के ज्ञात स्रोतों से मेल नहीं खाता।
खबरें और भी
वहीं पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि दो वर्ष में करीब दो करोड़ रुपये ड्रीम11 पर लगाए, जिनमें 93 लाख रुपये जीते भी, लेकिन आखिरकार करीब 1.40 करोड़ रुपये का गबन कर बैठा।
पुलिस के अनुसार उसने करीब 50 खाताधारकों को निशाना बनाया और विशेष रूप से छोटे खातों, कमजोर, अशिक्षित और मृत खाताधारकों के खातों में हेराफेरी की। बहजोई डाकघर में तैनाती के दौरान वह एक वरिष्ठ डाक सहायक की यूजर आईडी का भी दुरुपयोग करता था।
उनके कार्यालय से चले जाने के बाद उसी आईडी से लेनदेन को अप्रूव कर देता था। पुलिस उसके पंजाब नेशनल बैंक, चंदौसी स्थित खाते सहित इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे डाक कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।