कच्चे मकान में नहीं रहेगा कोई मजबूर: BDO देंगे लिखित गारंटी, संभल में 943 आवासों के लिए फिर शुरू होगा सर्वे
संभल में जर्जर मकान गिरने की घटना के बाद डीएम ने कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों की पहचान के लिए विशेष सर्वे का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री आव ...और पढ़ें

कैला देवी क्षेत्र के चंदनकटी मौजा में बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त मकान सौ. सूचना विभाग
HighLights
डीएम ने दिए निर्देश, जर्जर मकानों में रह रहे जरूरतमंद परिवारों की होगी तलाश
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। जिले के कैला देवी क्षेत्र के गांव चंदनकटी मौजा में जर्जर मकान गिरने की घटना ने जिला प्रशासन को झकझोर दिया है। अब किसी जरूरतमंद परिवार को कच्चे या जर्जर मकान में रहने के लिए मजबूर न होना पड़े, इसके लिए डीएम अंकित खंडेलवाल ने पूरे जनपद में विशेष सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में ऐसे परिवारों की पहचान कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो आज भी कच्चे और जर्जर मकानों में जीवन बिताने को विवश हैं।
शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जनपद को 943 आवास का लक्ष्य दिया है, लेकिन डीआरडीए के प्रारंभिक सर्वे में अब तक केवल 327 परिवार ही पात्र मिले हैं। लक्ष्य और पात्र परिवारों की संख्या में बड़े अंतर को देखते हुए प्रशासन ने दोबारा घर-घर सर्वे कराने का निर्णय लिया है।
पहली बार ऐसी स्थिति बनी है कि शासन से मिले लक्ष्य के मुकाबले पात्र परिवार कम मिले हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्र परिवार को मकान निर्माण के लिए एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इससे पहले वर्ष 2017 से 2025 तक प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जनपद के पांच हजार से अधिक परिवारों को पक्का घर मिल चुका है।
डीएम ने स्पष्ट किया है कि सर्वे पूरा होने के बाद प्रत्येक खंड विकास अधिकारी को लिखित प्रमाण पत्र देना होगा कि उनके विकास खंड की किसी भी ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री आवास योजना का कोई भी पात्र और अवशेष लाभार्थी शेष नहीं है। यदि इसके बाद कोई पात्र परिवार छूटा हुआ मिला तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
खबरें और भी
प्रत्येक खंड विकास अधिकारी लिखित प्रमाण पत्र देंगे कि उनके विकास खंड की किसी भी ग्राम पंचायत में कच्चे या जर्जर मकान में रहने वाला मुख्यमंत्री आवास योजना का कोई भी पात्र परिवार सूची से बाहर नहीं है। यदि कोई पात्र परिवार बाद में मिलता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
- अंकित खंडेलवाल, डीएम, संभल।
यह भी पढ़ें- संभल वासियों के लिए बड़ी खबर: खिरनी-कल्कि धाम फोरलेन सड़क पर काम शुरू, दो चरणों में बनेगी 39.5 KM लंबी रोड