संतकबीर नगर मालखाने से 427 ग्राम सोना गबन करने के आरोपी हेड मोहर्रिर राधेश्याम गुप्ता निलंबित, संपत्तियों की भी होगी जांच
खलीलाबाद कोतवाली के मालखाने से 427 ग्राम सोना गबन करने के आरोपित हेड मोहर्रिर राधेश्याम गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
हेड मोहर्रिर राधेश्याम गुप्ता निलंबित, सोना गबन का आरोप।
खलीलाबाद मालखाने से 427 ग्राम सोना, नकदी गायब हुई।
पुलिस संपत्तियों की जांच कर रही, जब्तीकरण की तैयारी।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। कोतवाली खलीलाबाद के मालखाने में रखे 427 ग्राम सोने के गबन के आरोपित हेड मोहर्रिर राधेश्याम गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने की है। वर्तमान में उसकी तैनाती बहराइच के कोतवाली देहात थाने में थी।
चार दिन पहले संतकबीर नगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने खलीलाबाद कोतवाली में दर्ज मुकदमे की जानकारी देते हुए बहराइच के एसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की अपेक्षा की थी। इसी क्रम में देर रात आरोपित हेड मोहर्रिर को निलंबित कर दिया गया। वहीं, उसकी गिरफ्तारी के लिए संतकबीर नगर और बहराइच की एसओजी टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
मालखाने से 427 ग्राम सोना, 49 हजार 518 रुपये नकद तथा 14 नेपाली नोट गायब होने का मामला सामने आने के बाद जिले के सभी थानों के मालखानों की जांच तेज कर दी गई है। विशेष रूप से उन थानों में मुकदमाती सामानों का सत्यापन कराया जा रहा है, जहां गबन के मुकदमे में नामजद राधेश्याम गुप्ता की तैनाती रह चुकी है।
वर्ष 2021 से 2024 के बीच वह मेंहदावल, महुली, धनघटा और कोतवाली खलीलाबाद में तैनात रहा है। ऐसे में इन थानों के मालखानों में रखे मुकदमाती सामानों का मिलान प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 19 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी घोटाले में दिल्ली के दो आरोपितों की जमानत खारिज
आरोपित की संपत्तियों पर भी कसेगा शिकंजा
पुलिस की जांच अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। जांच टीमों को आरोपित की चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। प्रारंभिक जांच में गोरखपुर के पादरी बाजार और पुरानी बस्ती क्षेत्र में उसके मकान होने की जानकारी मिली है। आय से अधिक संपत्ति के संकेत मिलने पर पुलिस बीएनएस की धारा 107 के तहत संपत्तियों के जब्तीकरण की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।