संतकबीर नगर में नाराज पत्नी को मनाने जा रहा था युवक, सड़क हादसे में चली गई जान
संतकबीर नगर में एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी रूठी पत्नी को मनाने ससुराल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर म ...और पढ़ें

मृतक विजय की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
संतकबीर नगर में युवक की सड़क हादसे में मौत।
रूठी पत्नी को मनाने ससुराल जा रहा था युवक।
तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर।
संवाद सूत्र, महुली, (संतकबीर नगर)। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर मैनसिर तिराहे के निकट सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी रूठी पत्नी को मनाने के लिए बाइक से ससुराल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी पहचान करने में पुलिस को काफी परेशानी हुई। बाद में बाइक के नंबर के आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी।
महुली थाना क्षेत्र के भिनखिनी खुर्द गांव निवासी विजय (पुत्र रामप्रीत) बुधवार की रात 11:30 बजे अपनी बाइक से खलीलाबाद स्थित ससुराल जा रहा था। स्वजन के अनुसार मना करने के बाद भी रात में अपनी रूठी पत्नी को मनाने के लिए निकल पड़ा। जैसे ही वह मैनसिर तिराहे के पास पहुंचा, खलीलाबाद की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर और जबड़े में गंभीर चोट लगने तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर: टूटे चेंबर में गिरकर मजदूर गंभीर घायल, जबड़ा टूटा
सूचना मिलते ही महुली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चेहरे पर गंभीर चोट होने के कारण मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। बाद में बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। महुली के थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।