संतकबीरनगर के अलकमा रेस्टोरेंट में छापा: मिला सेहत से खिलवाड़ का मसाला, एक ही बर्तन में बन रहा था वेज-नॉनवेज
संत कबीर नगर के चिउटना स्थित अलकमा ढाबा पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा, जहां एक्सपायर मसाले और हानिकारक मोनोसोडियम ग्लूटामेट पाया गया। शाकाहारी-म ...और पढ़ें

शाकाहारी व मांसाहारी भोजन तैयार करने के लिए अलग-अलग बर्तन भी नहीं मिले। जागरण
HighLights
रेस्टोरेंट में एक्सपायर मसालों का प्रयोग करते पाया गया।
रसोई में सेहत के लिए हानिकारक मोनोसोडियम ग्लूटामेट मिला।
शाकाहारी-मांसाहारी भोजन के लिए अलग बर्तन नहीं थे।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के चिउटना स्थित रेस्टोरेंट में छापा डाला। यहां पर भोजन बनाने में एक्सपायर मसाले का प्रयोग करते हुए पाया गया है।
इसके अलावा सेहत के लिए हानिकारक माने जाने वाले 18 पैकेट मोनोसोडियम ग्लूटामेट रसोई कक्ष में जांच करने पर मिले। शाकाहारी व मांसाहारी भोजन तैयार करने के लिए अलग-अलग बर्तन नहीं मिले। इस प्रतिष्ठान के संचालक के खिलाफ एडीएम वित्त एवं राजस्व कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त सतीश कुमार के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी(सीएफएसओ)दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी(एफएसओ)सच्चिदानंद गुप्ता व बृजेश कुमार की टीम ने गुरुवार काे खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के चिउटना स्थित अलकमा ढाबा व फैमिली रेस्टोरेंट पर छापा डाला।
इस दौरान अफसरुद्दीन उर्फ साहब चौधरी रेस्टोरेंट को संचालित करते पाए गए। इसमें उपभोग की तिथि समाप्त(एक्सपायर)खाद्य मसालों का भोजन तैयार करने में प्रयोग किया जा रहा था। परिसर में अत्यधिक गंदगी मिली। मांगने पर कार्यरत कर्मियों का वार्षिक चिकित्सा संबंधित प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किए।
शाकाहारी व मांसाहारी भोजन बनाने के लिए अलग-अलग बर्तन नहीं मिले। सहायक आयुक्त ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के तहत एडीएम वित्त एवं राजस्व की कोर्ट में इस रेस्टोरेंट के खिलाफ वाद दायर किया जाएगा। इस रेस्टोरेंट के रसोई कक्ष में मोनोसोडियम ग्लूटामेट 18 पैकेट पाया गया। यह एक ऐसा रसायन है, जिसका लगातार उपयोग करने से लोगों को उस खाद्य वस्तु की लत पड़ जाती है।
कम उम्र के बच्चे लगातार सेवन किए तो वे बीमार पड़ सकते हैं। गर्भवती महिलाओं का गर्भपात हो सकता है। सामान्य महिलाओं के इसके ज्यादा सेवन से गर्भधारण नहीं हो पाता। उन्होंने फूड मीनू में उल्लेख नहीं पाया गया। बिल भी प्रस्तुत नहीं कर सके।