Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिद्धार्थनगर को भी मिलेगी औद्योगिक उड़ान, 100 एकड़ में बनेगा नया इंडस्ट्रियल एरिया

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 10:08 AM (IST)

    सिद्धार्थनगर में 100 एकड़ में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। यह पहल स्थानीय युवाओं के लिए रो ...और पढ़ें

    संतकबीरनगर, बस्ती के बाद सिद्धार्थनगर में बसेगा औद्योगिक शहर। जागरण

    संतकबीरनगर, बस्ती के बाद सिद्धार्थनगर में बसेगा औद्योगिक शहर। जागरण

    HighLights

    1. सिद्धार्थनगर में 100 एकड़ का नया औद्योगिक क्षेत्र बनेगा।

    2. स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

    3. कृषि आधारित उद्योगों और MSME को बढ़ावा मिलेगा।

    एसके सिंह, संतकबीरनगर। पूर्वांचल में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। बस्ती के बाद अब सिद्धार्थनगर जिले में भी 100 एकड़ में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने भूमि चिह्नीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है, जो 10 अगस्त को सिद्धार्थनगर पहुंचकर संभावित भूमि का निरीक्षण और चिह्नीकरण करेगी।

    यूपीसीडा की ओर से गठित टीम में धर्मचंद्र क्षेत्रीय प्रबंधक, गोरखपुर, प्रवीण सलोनिया वरिष्ठ प्रबंधक (निर्माण-सिविल) जगदीशपुर,अमेठी तथा ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी भूमि अध्याप्ति अधिकारी, यूपीसीडा मुख्यालय कानपुर को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर टीम संभावित भूमि का तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।

    इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यह पहल सिद्धार्थनगर में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। नया औद्योगिक क्षेत्र बनने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और जिले में औद्योगिक निवेश बढ़ने की उम्मीद है।

    रंग लाई सांसद जगदंबिका पाल की पहल
    सिद्धार्थनगर में कृषि आधारित लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने की आदर्श व्यापार मंडल की मांग पर सांसद जगदंबिका पाल की पहल रंग लाई। अप्रैल में इस मुद्दे को लेकर सांसद ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिले में औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकता बताते हुए प्रस्ताव सौंपा था। इसक्रम में मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यूपीसीडा ने इस दिशा में अब कार्रवाई शुरू कर दी है।

    पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
    पूर्वांचल के कई जिलों में औद्योगिक आधार मजबूत करने की योजना पर सरकार काम कर रही है। बस्ती के बाद सिद्धार्थनगर में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से इस पूरे क्षेत्र में निवेश का नया माहौल बनेगा। इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के साथ बड़े निवेशकों को भी उद्योग स्थापित करने का अवसर मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- अयोध्या से उठेगा सरयू जल, 5 दिनों के लिए बदला गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन का रास्ता

    प्रमुख बिंदु : एक नजर में

    • 100 एकड में विकसित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र।
    • स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
    • कृषि आधारित उद्योगों और एमएसएमई को मिलेगा बढावा।
    • तीन सदस्यीय विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम करेगी भूमि का निरीक्षण।
    • जिलाधिकारी के साथ मिलकर की जाएगी उपयुक्त भूमि की तलाश।
    • तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण के बाद तैयार होगी रिपोर्ट।
    • रिपोर्ट के आधार पर शुरू होगी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की कार्रवाई।

    यूपीसीडा मुख्यालय से सिद्धार्थनगर जिले मेें औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए जाने के संबंध में निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसके लिए एक टीम भी गठित की गई है। तीन सदस्यीय टीम 10 अगस्त को टीम सिद्धार्थनगर जाएगी और वहां जिलाधिकारी से मिलकर भूमि की तलाश की जाएगी। उपयुक्त भूमि मिलने रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

    -

    -धर्मचंद्र, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा