मोबाइल पर आया एक मैसेज और बढ़ गया बिजली बिल का टेंशन! बिना बताए 2 किलोवाट का कनेक्शन हुआ 4KW
शाहजहांपुर में उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिना आवेदन बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ने का मैसेज आया, जिससे वे परेशान हैं। विभाग का कहना है कि यह स्वीकृत लोड से ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
अचानक लोड बढ़ने से उपभोक्ता परेशान, अधिकारी नहीं दे रहे संतोषजनक जवाब
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। जिले में बड़ी संख्या मे उपभोक्ताओं के मोबाइल पर अचानक बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ने का एसएमएस पहुंच गया। पहले तो लगा कि तकनीकी गड़बड़ी है, लेकिन जब विभाग से लोड बढ़ने की पुष्टि हुई तो उपभोक्ता परेशान हो गए।
अधिकारियों का दावा है कि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान स्वीकृत लोड से अधिक बिजली खपत करने वाले 2705 उपभोक्ताओं के कनेक्शन का लोड ही स्वत: बढ़ाया गया है।
जिले में करीब 4.72 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 85 हजार के घरों पर स्मार्ट मीटर लगे हैं। शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे तक 2,705 उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाया जा चुका था, जबकि 2,770 उपभोक्ता इस प्रक्रिया में शामिल थे। रात में जब उपभोक्ताओं के मोबाइल पर मैसेज पहुंचे तो खलबली मची।
लोगों ने एक दूसरे को संदेश भेजकर पुष्टि की। बड़ी संख्या मे ऐसे उपभोक्ता थे, जिनके कनेक्शन पर न तो अधिक लोड था और न ही आवेदन किया गया था। ऐसे उपभोक्ताओं में लोड बढ़ाए जाने से नाराजगी है।
लोड बढ़ने की सूचना मिलने के बाद लोगों ने नाराजगी है, कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बिना पूर्व सूचना स्थायी रूप से लोड बढ़ाना उचित नहीं है और इससे हर महीने बिजली बिल का फिक्स चार्ज भी बढ़ जाएगा। घरेलू कनेक्शन पर 100 रुपये प्रति किलोवाट तथा व्यावसायिक कनेक्शन पर 261 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से फिक्स चार्ज लिया जाता है।
यदि कोई उपभोक्ता अपने स्वीकृत लोड से अधिक बिजली का उपयोग करता है तो उसे अतिरिक्त फिक्स चार्ज के साथ दोगुणा पेनाल्टी भी देनी पड़ सकती है।
अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि किसी भी उपभोक्ता का लोड मनमाने तरीके से नहीं बढ़ाया गया है। स्मार्ट और इलेक्ट्रॉनिक मीटर में दर्ज मैक्सिमम डिमांड इंडिकेटर (एमडीआइ) के आधार पर यह प्रक्रिया स्वत: हुई है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मेड़बंदी के बदले किसान से मांग रहा था 10000 रुपये की घूस, एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को रंगे हाथ दबोचा