गंगा का जलस्तर घटा: हाईवे से हटा बाढ़ का पानी, लेकिन इन गांवों पर अब भी मंडरा रहा फसलों की बर्बादी का खतरा
नरौरा बांध से पानी कम होने के बाद गंगा का जलस्तर घटा है और हाईवे से बाढ़ का पानी हट गया है। हालांकि, पानी अब भी गांवों की ओर बढ़ रहा है, जिससे फसलों औ ...और पढ़ें

गंगा नदी में बाढ़ आने से जलमग्न मक्का की फसल। जागरण
HighLights
गांवों की ओर अब भी पानी का रुख, जलभराव के कारण फसल खराब होने की आशंका
संवाद सूत्र, मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। नरौरा बांध से गंगा में छोड़े जा रहे पानी का डिस्चार्ज कम हो गया है, इसके साथ ही जलस्तर भी घटने लगा है। जलालाबाद शमशाबाद स्टेट हाईवे पर पानी घटने लगा है। हालांकि नदी के पानी का बहाव अब भी गांवों की ओर है। जिससे ग्रामीणों को फसल खराब हाेने के साथ ही घरों में भी जलभराव की आशंका सता रही है।
पैलानी उत्तर गांव में मुख्य सड़क पर बाढ़ का पानी चलने के साथ ही यहां की बस्ती में भाी पानी पहुंच गया है। नरौर बांध से लगभग चार दिनों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण नदी खतरे के निशान के पास पहुंच गई थी। सोमवार शाम से पानी जलालाबाद विधूना सौरिख शमशाबाद स्टेट हाईवे पर फर्रुखाबाद के चौरा गांव के पास नदी का पानी आ गया था।

लगभग 200 मीटर लंबाई में दो फीट से अधिक गहराई के साथ पानी का बहाव होने के कारण इस मार्ग से अावागमन करने वालों की मुश्किलें बढ़ गईं थीं। मंगलवार को भी यही स्थिति बनी रहने पर प्रशासन की ओर से बाढ़ चौकियों व टीमों को अलर्ट किया गया था, लेकिन शाम से ही पानी का डिस्चार्ज घट गया है, जिसका असर बुधवार सुबह से दिखा।
नदी के जल स्तर में 55 सेमी. की गिरावट दर्ज की गई। चौरा गांव के पास स्टेट हाईवे पर पानी का बहाव कम हो गया। हालांकि अब भी सड़क के ऊपर से पानी बह रहा है, लेकिन वाहनों के आवागमन में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो रही है। इसी तरह चौरा बसोला मार्ग पर भी पानी का बहाव काफी कम हो गया है। जिन संपर्क मार्गाें पर पानी पहुंचा था वहां पर भी स्थिति सामान्य हो रही है।
खबरें और भी

हालांकि गंगा के पानी का रुख गांवों की ओर है। नदी किनारे बस अभिचारपुर, बांसखेड़ा, बटन नगला, लुहार नगला ,इस्लामनगर, मस्जिद नगला, आजाद नगला, पोथी नगला आदि गांवों की तरफ पानी अभी भी बढ़ रहा है। खेतों में जलभराव हो गया है। कुछ स्थानों पर घरों के नजदीक पानी पहुंचने के कारण लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। हालांकि प्रशासन स्थिति सामान्य होने का दावा कर रहा है।
गंगा के जल स्तर में काफी गिरावट आई है। अभी सभी गांव सुरक्षित हैं। कहीं पर कोई समस्या नहीं है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट माेड पर रखा गया है।
- आशुतोष कुमार सिंह, एसडीएम कलान
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर गौतम हत्याकांड: 10 दिन में तैयार होगी केस डायरी, आरोपियों पर लगेगी रासुका; गांव में पुलिस अलर्ट