नवोदय विद्यालय में देर रात मोबाइल विवाद के बाद हंगामा, सड़कों पर उतरे छात्र; SDM और बरेली टीम ने संभाला मोर्चा
नवोदय विद्यालय रोजा में छात्रों ने बिजली, पानी और शिक्षक के दुर्व्यवहार को लेकर धरना प्रदर्शन किया। मोबाइल विवाद के बाद शुरू हुए इस हंगामे को शांत करा ...और पढ़ें

जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रो व अविभावकों से वार्ता करते एसडीएम सदर प्रभात राय। जागरण
HighLights
शिक्षक पर अभद्रता करने का आरोप, बरेली से आई टीम व एसडीएम ने विद्यालय में की जांच
संवाद सहयोगी, रोजा (शाहजहांपुर)। जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में सोमवार को इंटरमीडिएट के छात्रों ने धरना दिया। उन्होंने परिसर में बिजली व पेयजल व्यवस्था सही न होने व एक शिक्षक पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। कुछ देर तक नारेबाजी करने के बाद सभी छात्र कलक्ट्रेट जाने के लिए निकल पड़े। हालांकि सुभाष चौक पर पुलिस ने रोक लिया। एसडीएम सदर प्रभात राय ने वार्ता की। व्यवस्थाएं सही कराने के आश्वासन पर सभी को वापस भेजा।
दोपहर बाद बरेली नवोदय विद्यालय से टीम जांच करने पहुंचीं। सोमवार सुबह विद्यालय परिसर में एकत्र हुए छात्रों ने धरना शुरू कर दिया। शिक्षक पहुंचे तो कहा कि अधिक बिजली कटौती के कारण गर्मी में परेशानी होती है। पीने के पानी के लिए वाटर कूलर काफी दूर लगा है।
एक शिक्षक पर अभद्रता व मारपीट का भी आरोप लगाया। शिक्षकों के समझाने के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट के लिए निकल पड़े। सुभाष चौक पर एसओ उमेश कुमार मिश्रा ने बमुश्किल सभी को शांत कराकर ज्ञापन लिया।
एसडीएम सदर प्रभात राय, बरेली नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद सिंह रावत व अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। उन्होंने छात्रों से वार्ता की। जानकारी मिलने पर छात्रों के अभिभावक भी पहुंचे, टीम ने उनसे भी बात की और बयान दर्ज किए।
खबरें और भी
मोबाइल देखने पर भी विवाद
बताया जा रहा है कि रविवार रात कक्षा छह का एक छात्र मोबाइल देख रहा था। कक्षा सात और आठ के छात्रों ने इस पर विरोध जताया तो उस छात्र ने विद्यालय में ही इंटर में पढ़ने वाले अपने भाई से उसके छात्रावास में जाकर शिकायत कर दी। इसके बाद कक्षा सात व आठ के छात्रों ने अपने कमरों का गेट बंद कर लिया।
आरोप है कि कुछ सीनियर छात्रों ने गेट न खुलने पर उसे तोड़ने की कोशिश की। प्रधानाचार्य एसपी सिंह गंगवार और अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे तब छात्र वापस हुए। कुछ छात्रों ने रात में ही इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दे दी थी। सुबह इंटर के छात्रों ने अव्यवस्थाएं बताकर विरोध शुरू कर दिया।
विद्यालय में छात्रों के लिए मोबाइल लाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसकी जानकारी अभिभावकों को पहले से दी गई है। सीनियर के लिए कक्षाओं में पढ़ाई के लिए स्मार्ट टीवी सहित सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। मोबाइल मिलने के बाद जूनियर और सीनियर छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसे रात में ही शांत करा दिया गया था। कुछ छात्र अनुशासनात्मक कार्रवाई के डर से सोमवार को विद्यालय से बाहर निकलकर प्रदर्शन करने लगे।
- एसपी सिंह गंगवार, प्रधानाचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय
छात्रों से बातचीत की गई है। विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया। छात्रों ने जिन सुविधाओं की कमी बताई है, उन्हें दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं। साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार कराया जाएगा। पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- प्रभात राय, एसडीएम सदर