अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ा गोगी गैंग का नाम, कनाडा से ऑपरेट हो रहे गिरोह का आका कौन?
अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी गोगी गैंग ने ली है, जिसका सरगना राहुल उर्फ भोलू कनाडा से गैंग चलाता है। ...और पढ़ें

HighLights
गोगी गैंग ने अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी ली।
गैंग सरगना राहुल उर्फ भोलू कनाडा से ऑपरेट कर रहा है।
पुलिस हरियाणा के 10 जिलों में शूटरों की तलाश में।
आकाश शर्मा, शामली। अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाले और लारेंस गैंग के लिए कार्य कर चुके गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू पर पुलिस की नजर है।
हरियाणा पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल कनाडा में बैठकर ही गैंग संचालित करता है। उसके 10 से अधिक शूटर जेल में बंद हैं, जबकि अन्य बाहर या फरारी पर हैं। हरियाणा के 10 जिलों में पहुंचकर यूपी एसटीएफ और शामली पुलिस ने कई शूटरों का कनेक्शन खंगाला है। हत्याकांड में इंटरनेशनल कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस और गंभीरता से मामले की जांच में जुटी है।
हरियाणा में लारेंस विश्नोई गैंग के साथ मिलकर काम करने वाले कुख्यात गोगी गैंग की ओर से बुधवार रात दो बजे इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालकर अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी ले ली गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जितेंद्र उर्फ गोगी की हत्या के बाद इस गैंग का वर्तमान मुखिया राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया है, जो इस समय कनाडा में फरारी काट रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि उसने कनाडा में बैठकर ही अपने शूटरों के जरिए इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाया और वहां से इंस्टाग्राम पर पोस्ट डाली। इस इनपुट के आधार पर शामली और एसटीएफ की टीमें हरियाणा के 10 जिलों में गोगी गैंग से जुड़े शूटरों की कुंडली खंगाल रही हैं। पुलिस ने कई जेलों में पहुंचकर अपराधियों से भी पूछताछ की है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है, और जल्द ही चारों आरोपित गिरफ्त में होंगे। वहीं जांच के दौरान मुख्य साजिशकर्ता माने जा रहे राहुल उर्फ भोलू शाहपुर का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
हरियाणा पुलिस के अनुसार राहुल उर्फ गोगी पर एक लाख रुपये का इनाम है। आरोपित के खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
2014 में पूर्व सरपंच रामफूल के भाई और भोलू के चाचा विनोद उर्फ धोला की हत्या हुई थी। चाचा की हत्या का बदला लेने के लिए भोलू अपराध की दुनिया में उतरा और इस दौरान गोगी गैंग के संपर्क में आया।
इसके बाद 27 फरवरी 2025 को रोहिणी कोर्ट में पेशी के बाद लौट रहे मोस्ट वांटेड दीपक उर्फ भांजा की सोनीपत में हुई हत्या में भी राकेश पंपू के साथ राहुल उर्फ भोलू का नाम साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था।
इसके अलावा यमुनानगर के खेती लक्खा सिंह गांव में हुए ट्रिपल मर्डर में भी उसका नाम जुड़ चुका है। 2023 में पुलिस ने पांच जिलों में छापेमारी की थी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा और विदेश भागने में कामयाब रहा।
तीन सालों से वह कनाडा में बैठकर लारेंस ग्रुप के सहयोग से गैंग का संचालन का रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोगी गैंग में करीब 150 सक्रिय बदमाश हैं। इनमें से ही चार शूटरों ने हत्याकांड को अंजाम दिया है।
