अयोध्या में कंटेनर से पीछे टकराई स्कॉर्पियो, सिद्धार्थनगर के एक ही परिवार के तीन व्यक्तियों की मौत
अयोध्या में हुए भीषण सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना तब हुई ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
अयोध्या में भीषण सड़क हादसे में तीन की मौत।
सिद्धार्थनगर के एक ही परिवार के चार सदस्य घायल।
दिल्ली से लौटते समय कंटेनर से टकराई स्कार्पियो।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। वाहन दुर्घटना की एक दर्दनाक घटना ने गुरुवार सुबह पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया। अयोध्या जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना जैसे ही मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया कस्बे पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन और परिचित का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसा अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुबारकपुर के पास हुआ। दुर्घटना में चेतिया कस्बा निवासी 55 वर्षीय दुर्गेश गुप्ता पुत्र नंदलाल, उनकी 34 वर्षीय पुत्री पिंकी पत्नी राधेश्याम तथा 14 वर्षीय नातिन परी पुत्री राधेश्याम की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घायलों में दुर्गेश की 52 वर्षीय पत्नी विजयलक्ष्मी, 27 वर्षीय पुत्र अभिषेक गुप्ता उर्फ रवि, 40 वर्षीय दामाद राधेश्याम तथा 12 वर्षीय नाती गोलू पुत्र राधेश्याम शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में लखनऊ भेजा गया है।
दुर्गेश के दामाद राधेश्याम परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। दुर्गेश अपनी पत्नी और बेटे के साथ कुछ दिन पहले बेटी और दामाद के पास गए थे। गुरुवार को पूरा परिवार दिल्ली से वापस लौट रहा था। भोर में लगभग चार बजे उनकी स्कार्पियो रौनाही टोल प्लाजा के निकट मुबारकपुर के पास आगे चल रहे एक कंटेनर से पीछे जा टकराई।
खबरें और भी
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दुर्गेश, पिंकी तथा परी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अभिषेक, राधेश्याम, विजयलक्ष्मी और गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रौनाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की घेराबंदी, पिकअप समेत 33 बोरी तरबूज के बीज जब्त
पुलिस ने घायलों को तत्काल निकट के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दुर्घटना का समाचार चेतिया कस्बे पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।