नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग से बढ़ी हलचल, सीमावर्ती जिलों में बढ़ी चौकसी
नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग ने जोर पकड़ा है, जिससे रुपनदेही, नवलपरासी और कपिलवस्तु जिलों में आंदोलन तेज हो गया है। भारत-नेपाल सीमा से सटे सिद्धार् ...और पढ़ें

वाहनों की हो रही जांच। जागरण
HighLights
नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग ने फिर जोर पकड़ा।
सिद्धार्थनगर सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्क।
सीमा से आने-जाने वालों की गहन जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। पड़ोसी देश नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग ने फिर जोर पकड़ी है। पहाड़ से शुरू हुआ आंदोलन अब तराई के रुपनदेही, नवलपरासी और कपिलवस्तु जिलों तक पहुंच गया है। संयुक्त हिंदू मोर्चा, हिंदू सम्राट सेना और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के कार्यकर्ता नेपाल को पुन: हिंदू राष्ट्र घोषित करने सहित 13 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
आंदोलन के प्रतिनिधियों की नेपाल के गृहमंत्री सूदन गुरुंग से वार्ता भी हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकलने के बाद आंदोलन जारी है। नेपाल में बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा से लगे सिद्धार्थनगर जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बढ़नी, ककरहवा और खुनुवा सीमा चौकियों पर सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीमा से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। नेपाल में 2008 में देश को धर्मनिरपेक्ष घोषित किए जाने के बाद से हिंदू राष्ट्र की मांग समय-समय पर उठती रही है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में जमीन विवाद में युवक को पिकअप से कुचलने का किया प्रयास, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हाल के दिनों में विभिन्न हिंदू संगठनों और राजशाही समर्थक समूहों की सक्रियता से यह मुद्दा फिर राजनीतिक विमर्श के केंद्र में आ गया है। हालांकि, नेपाल के अधिकांश मुख्यधारा के राजनीतिक दल अब भी धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था के समर्थन में हैं, लेकिन आंदोलन के तेज होने से सरकार पर राजनीतिक दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।