सिद्धार्थनगर में ट्रेलर पलटने से युवक की मौत, 15 से अधिक मवेशियों की भी गई जान
सिद्धार्थनगर के इटवा-बढ़नी मार्ग पर एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में 15 से अधिक गाय और भैं ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
इटवा-बढ़नी मार्ग पर सामग्री से लदा ट्रेलर पलटा।
हादसे में एक युवक और 15 से अधिक मवेशियों की मौत।
पुलिस और प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, शोहरतगढ़, (सिद्धार्थनगर)। इटवा-बढ़नी मार्ग पर रामनगर के पास बुधवार तड़के सामग्री से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर के नीचे दबकर 15 से अधिक गाय और भैंसों की भी जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसा बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ। दुर्घटना में रामनगर निवासी 20 वर्षीय सूरज यादव पुत्र शिव प्रसाद यादव की ट्रेलर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम, राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से ट्रेलर के नीचे दबे मवेशियों को निकालने का प्रयास जारी है। अब तक 15 से अधिक गाय एवं भैंसों के मरने की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य मवेशियों के अभी भी ट्रेलर के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में 16 सीटर स्कूल वैन में सवार थे 21 छात्र, अनियंत्रित होकर दस फीट नीचे पलटी; ड्राइवर फरार
प्रशासन ने घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर यातायात को नियंत्रित कर दिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तहसीलदार प्रकाश सिंह ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद क्षति का विस्तृत आकलन किया जाएगा तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।