सिद्धार्थनगर में टीनशेड के करंट से दो की मौत, बचाने वाला पड़ोसी भी नहीं बचा
सिद्धार्थनगर के जोगिया गांव में करंट लगने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। एक व्यक्ति टीनशेड से कपड़े उतारते समय चपेट में आया, जिसे बचाने गए पड़ोसी की भी ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
जोगिया गांव में करंट लगने से दो ग्रामीणों की मृत्यु।
टीनशेड से कपड़े उतारते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा।
बचाने गए पड़ोसी की भी मौके पर ही मौत।
संवाद सूत्र, जोगिया, सिद्धार्थनगर। करंट की चपेट में आने से बुधवार दोपहर दो ग्रामीणों की मृत्यु हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब एक व्यक्ति घर के टीनशेड वाले बरामदे में सूख रहे कपड़े उतार रहा था। करंट लगने पर उसे बचाने के लिए दौड़ा पड़ोसी भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जोगिया कोतवाली भंवारी गांव निवासी 50 वर्षीय ललन पुत्र हरिराम अपने घर के टीनशेड वाले बरामदे में सूख रहे कपड़े उतार रहे थे। इसी दौरान टीनशेड के संपर्क में आए कटे हुए विद्युत तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर वह जमीन पर गिर पड़े। यह देखकर पड़ोस में रहने वाले 26 वर्षीय रूपेश पुत्र रामजीत उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन जैसे ही उन्होंने ललन को छुड़ाने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गए और वहीं गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर स्वजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। किसी तरह से ग्रामीणों ने वहां सप्लाई रोकी। ग्रामीण दोनों को अस्पताल ले जाने का का प्रयास करने लगे, लेकिन छूने पर पता चला कि उनकी सांसें थम चुकी थीं। कुछ ही देर में गांव में हादसे की खबर फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में कंटेनर से पीछे टकराई स्कॉर्पियो, सिद्धार्थनगर के एक ही परिवार के तीन व्यक्तियों की मौत
दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही जोगिया थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद कब्जे में ले लिया।।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा कटे हुए विद्युत तार में उतरे करंट के कारण प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।