सीतापुर में प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने बांका से गला काटकर बहन को मार डाला, इलाके में सनसनी
सीतापुर में प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने बांके से गला काटकर अपनी बहन की हत्या कर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर भाई समेत चार लोगों पर हत्या का मुकदमा द ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने बहन की हत्या की।
बांके से गला काटकर की गई निर्मम हत्या।
पिता की तहरीर पर चार पर मुकदमा, दो हिरासत में।
संवाद सूत्र, सीतापुर। प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने शनिवार सुबह बांके से गला काटकर बहन को मार डाला। पुलिस ने पिता की तहरीर पर भाई समेत चार पर हत्या का मुकदमा लिखा है। दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बजेहरा की 16 वर्षीय सुमिरता का एक युवक से प्रेम प्रसंग था। 21 जुलाई को सुमिरता उसके साथ चली गई थी। पुलिस ने एक दिन बाद ही दोनों को बरामद कर लिया था। अदालत में बयान के बाद सुमिरता को परिवारजन के सिपुर्द कर दिया गया था।
घटना से सुमिरता का भाई कोमल नाराज था। शनिवार सुबह वह शौच के लिए जा रही थी। इसी दौरान कोमल ने उसके गले पर बांका से वार कर दिया। मौके पर ही सुमिरता की मौत हो गई। कोमल बांका लेकर भाग गया।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाल मुकेश वर्मा और फील्ड यूनिट की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण करके साक्ष्य जुटाए। सुमिरता के पिता राजाराम की तहरीर पर कोमल, गांव के रामकुमार, नेकपाल व उनकी पत्नी पर हत्या का मुकदमा लिखा गया। पुलिस ने दो को हिरासत में ले लिया है।
खबरें और भी
गन्ना के खेत में कोमल को खोजती रही पुलिस
बहन की हत्या करने के बाद कोमल गन्ने के खेत की तरफ भागा था। ग्रामीणों से मिले इस इनपुट के आधार पुलिस ने आसपास के गन्ने के खेतों में घुसकर उसकी तलाश की। पुलिस को सफलता नहीं मिली। पुलिस ने कोमल की तलाश के लिए दो टीम लगाई हैं।
सुमिरता ने प्रेमी के खिलाफ नहीं दिए थे बयान
सुमिरता के घर से गायब होने पर उनके पिता राजाराम ने मुकदमा लिखवाया था। बरामदगी होने के बाद परिवारजन उससे प्रेमी के खिलाफ बयान देने का दबाव बना रहे थे। बावजूद इसके उसने प्रेमी के पक्ष में बयान दिए थे।
यह भी पढ़ें- सिटी स्कैन के इंतजार में गेट पर सो गई महिला, सीतापुर अस्पताल में सर्वर ठप, मरीजों की मुश्किलें बढ़ी
परिवारजन सजग होते तो बच जाती जान
कोमल अक्सर सुमिरता से विवाद करता था। परिवारजन बीच बराव करके शांत करवा देते थे, लेकिन एक बार भी उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी।
प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने बांका से वार करके बहन की हत्या कर दी है। भाई समेत चार पर नामजद मुकदमा लिखा गया है। दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दुर्गेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी