स्मार्ट मीटर बकाया वसूली के दौरान उपभोक्ताओं और बिजली कर्मियों में कहासुनी, रोजाना आता है 250-300 रुपये बिल
सोनभद्र में स्मार्ट मीटर बकाया वसूली को लेकर बिजली कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। उपभोक्ताओं ने प्रतिदिन 250-300 रुपये के मनमाने बिल क ...और पढ़ें
-1776249249604_m.webp)
स्मार्ट मीटर बकाया वसूली के दौरान उपभोक्ताओं और बिजली कर्मियों में कहासुनी। AI जेनेरेटेड फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोन (सोनभद्र)। कोन बाजार में स्मार्ट मीटर की बकाया वसूली के लिए पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच बुधवार को जमकर कहासुनी हुई। मौके पर कुछ देर तनावपूर्ण माहौल रहा। हालांकि बाद में क्षेत्रीय लोगाें ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। उपभोक्ताओं की समस्याएं जस की तस बनी हुई है।
उपभोक्ता ओमप्रकाश गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनके घर पर सोलर पैनल लगा होने के बावजूद प्रतिदिन 250 से 300 रुपये तक का बिजली बिल मैसेज के माध्यम से भेजा जा रहा है। बिना सूचना के बिजली आपूर्ति भी काट दी जा रही है।
जब उन्होंने इस संबंध में मौके पर मौजूद कर्मचारियों सुनील शर्मा और गौतम कुमार से शिकायत की तो कर्मचारियों ने उन्हें पिपरी स्थित कार्यालय जाकर समस्या समाधान कराने की बात कही। उपभोक्ताओं ने कहा कि जब कोन में ही सब स्टेशन मौजूद है, तो उन्हें पिपरी क्यों जाना पड़े।
उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान उनकी सहमति नहीं ली गई। न ही मीटर से संबंधित सुविधाएं सही ढंग से दी गईं। बिल में 60 मीटर तार देने का उल्लेख है, जबकि मौके पर एक मीटर तार भी नहीं दिया गया।
खबरें और भी
उपभोक्ताओं ने बताया कि कई घरों में मीटर उस समय लगा दिए गए, जब घर पर कोई मौजूद नहीं था। उन्हें मीटर लगाने से आपत्ति नहीं है, लेकिन मनमाने बिल और उसमें संशोधन के लिए बार-बार दौड़ भाग करना परेशानी का कारण बन रहा है।
उपभोक्ताओं संतोष, अमिरका, संदीप व विशाल ने भी शिकायत की कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। उन्होंने तत्काल मीटर बदलने और बिलों की जांच कराने की मांग की।
मौके पर बिजली कर्मियों में गौतम कुमार, सुनील शर्मा, नारद, जयशंकर यादव, अवधेश कुमार व रविंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। उधर अवर अभियंता गजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि हम लाेग कुछ नहीं कर सकते। उपभोक्ता इसकी शिकायत 1912 टोल फ्री नंबर या विभागीय एक्सईएन के यहां करें। विभा्ग सिर्फ टेस्टिंग मीटर लगा सकता है।