वाराणसी एयरपोर्ट पर गोली चलने के मामले में मुकदमा दर्ज, यात्री को किया गिरफ्तार, शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की होगी संस्तुति
वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान आजमगढ़ निवासी कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई, जिससे दो ...और पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, यात्री गिरफ्तार, शस्त्र लाइसेंस होगा निरस्त।
HighLights
लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने पर दो कर्मचारी घायल।
यात्री कमलेश राय गिरफ्तार, शस्त्र लाइसेंस निरस्त होगा।
एयरपोर्ट सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं पर उठे गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री आजमगढ़ निवासी कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई। गोली लगने से एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए न्यू लक्ष्मी हास्पिटल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
पुलिस ने एयरपोर्ट कर्मी सुनील कुमार सिंह की तहरीर पर कमलेश राय के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 ए (लापरवाही के कारण साधारण चोट पहुंचाना। छह माह तक कैद या 5,000 रुपये तक जुर्माना या दोनों) और 125 बी (गंभीर चोट पहुंचाना। तीन साल तक की कैद और 10,000 रुपये तक का जुर्माना) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।
उनके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी। पुलिस के अनुसार पिस्टल की मैगजीन में दो कारतूस थे, जबकि एक कारतूस चैंबर में था। इसके अलावा कमलेश राय के बैग में 19 कारतूस थे।
आजमगढ़ के जीयनपुर के रामगढ़ निवासी कमलेश राय पत्नी सुषमा राय के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान (उड़ान संख्या आइएक्स-1810) से मुंबई जाने के लिए सुबह करीब पौने दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस थे और इसकी जानकारी उन्होंने नियमानुसार पहले ही एयरपोर्ट पर डिक्लेयर (घोषित) कर दी थी।
एयरलाइंस काउंटर और सुरक्षा जांच के दौरान हथियार व कागजात की औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं। सुरक्षाकर्मियों के निर्देश पर कमलेश राय पिस्टल जमा करने से पहले उसकी मैगजीन निकाल रहे थे। इसी दौरान ट्रिगर दब जाने से एक राउंड फायर हो गया। गोली फर्श से टकराने के बाद एयरपोर्ट कर्मी सुमन कुमारी की जांघ में लगी, जबकि गोली के छर्रे रोहित राज के हाथ में लगे।
यह भी पढ़ें : वाराणसी एयरपोर्ट पर आजमगढ़ के कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चली, दो स्टाफ घायल
सीआइएसएफ जवानों ने तत्काल कमलेश राय को हिरासत में ले लिया। कमलेश राय का मुंबई में होटल कारोबार है और वह एकनाथ शिंदे की शिवसेना से जुड़े हैं। मुंबई में वह चार बार और उनकी पत्नी दो बार नगर सेवक (नगर निगम पार्षद) रह चुकी हैं। वर्तमान में उनका बड़ा बेटा रितेश राय नगर सेवक है, जबकि छोटा बेटा यत्नेश राय डाक्टर है। गांव में पिता केदारनाथ राय और मां ऊषा राय रहते हैं। ऊषा राय ग्राम प्रधान भी हैं। गांव रामगढ़ में उनका बाबू शिवपट्टर राय स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय भी है।
कड़े नियमों के बीच हथियार संभालने पर उठे सवाल
नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) और विमानन नियमों के तहत यात्री को टर्मिनल में प्रवेश करते ही एयरलाइन काउंटर पर या सुरक्षाकर्मियों को हथियार की जानकारी देनी होती है। टर्मिनल के सामान्य या चेक-इन क्षेत्र में यात्री को खुद हथियार की मैगजीन निकालने, अनलाक करने या उसे संभालने की अनुमति नहीं है। इसके लिए अलग स्ट्रांग रूम होता है, जो बनारस एयरपोर्ट पर नहीं है।
लाइसेंसी हथियार को अनलोड करने और तकनीकी जांच की प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षित स्थान पर प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मियों या एनसीसी से प्रशिक्षित व योग्य कर्मियों द्वारा की जाती है। यात्री के हाथ में लोडेड पिस्टल देकर मैगजीन निकलवाना सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करता है। जांच और औपचारिक लिखापढ़ी के बाद हथियार को पूरी तरह अनलोड कर सुरक्षित लाक बाक्स में रखकर विमान के कार्गो होल्ड में भेजा जाता है। इसे केबिन बैग में ले जाने की अनुमति नहीं होती।
यह भी पढ़ें : वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के लाइसेंसी हथियार से चली गोली, दो कर्मचारी घायल
स्वतंत्रता दिवस पर हाई अलर्ट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
- पुलिस जांच कर रही है कि गोली आकस्मिक रूप से चली या शस्त्र की जांच में निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
- प्रोटोकाल के मुताबिक हथियार की अनलोडिंग और सुरक्षा जांच प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मियों (सीआइएसएफ/स्क्रीनर्स) की जिम्मेदारी है। ऐसे में यात्री को खुले में काउंटर के पास मैगजीन निकालने के लिए क्यों कहा गया।
- एक्सरे/चेक-इन काउंटर के पास भारी भीड़ के बीच इस तरह की प्रक्रिया गंभीर चूक को दर्शाती है। गोली किसी यात्री को लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
- एयरपोर्ट के इन-हाउस और एयरलाइंस स्टाफ की सुरक्षा के लिए तय एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का जमीन पर कितना पालन हो रहा है, यह घटना उस पर भी सवाल खड़े करती है।
- हाई अलर्ट के बीच यात्री से पिस्टल की मैगजीन निकलवाने पर उठे सवाल, एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था कठघरे में
यह भी पढ़ें : वाराणसी एयरपोर्ट पर गोली चलने और दो कर्मियों के घायल होने के बाद गंभीर धाराओं में दर्ज होगा मुकदमा
