दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने निहारा काशी के घाटों का सौंदर्य, मां गंगा को किया नमन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वाराणसी का दौरा किया, जहां उन्होंने गंगा घाटों का सौंदर्य निहारा, पूजन-अर्चन और दीपदान किया। ...और पढ़ें

दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती करती दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
HighLights
सीएम रेखा गुप्ता ने वाराणसी में गंगा घाटों का सौंदर्य निहारा।
उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन और दीपदान किया।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर काशी को भारत की आत्मा बताया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी आई दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने शनिवार को शाम नौका विहार कर गंगा घाटों का सौंदर्य निहारा। वो नमो घाट से नाव से दशाश्वमेघ घाट पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन अर्चन और दीपदान कर शांति, समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने घाट की मढ़ी पर बैठकर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देखी।
इस दौरान कभी हाथ जोड़ तो कभी ताली बजाकर मां गंगा को नमन करती नजर आई। उन्होंने गंगा सेवा निधि के विज़िटर बुक में लिखा कि आज मां गंगा की आरती में शामिल होकर मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मान रही हूं और मां गंगा के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करती हूं। सबके भले की कामना करती हूं आपके राज्य के लिए भी सुख समृद्धि मांगती हूं, मां गंगा मेरी प्रार्थना स्वीकार हो। संस्था की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, प्रसाद व मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने काटा केक, कहा- काशी भारत की आत्मा
जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर यहां आईं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सर्व वैश्य समाज समिति की ओर से चौकाघाट स्थित होटल में अभिनंदन किया गया। वेदपाठी बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार, मंगलाचरण व शहनाई वादन से उनका स्वागत किया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न व अंगवस्त्र भेंट किया गया।
उन्होंने केक काटा और आभार जताया। स्वागत से अभिभूत दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी भारत की आत्मा है और यहां की संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत व सामाजिक एकजुटता पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का काशी आगमन वैश्य समाज व काशीवासियों के लिए गौरव का विषय है।
खबरें और भी
समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि वैश्य समाज सदैव व्यापार, उद्योग, सेवा और रोजगार सृजन के माध्यम से राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता आया है। महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने कहा कि दिल्ली की सीएम महिला सशक्तिकरण, सुशासन और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम में शास्त्रीय व लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुई। इस दौरान उमाशंकर अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, राधेगोविंद केजरीवाल, सुरेश तुलस्यान, श्रीनारायण खेमका, अनुज डिडवानिया, मनोज बजाज, पवन अग्रवाल मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का शनिवार को सुबह लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए उनका आशीर्वाद लेने आई हूं।
बाबा की कृपा सदैव सभी लोगों पर बनी रहे और देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार काशी आगमन पर एयरपोर्ट पर राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल व महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान आयुष जायसवाल, शैलेष पांडेय, उत्तम ओझा मौजूद रहे।
महिला मोर्चा ने भेंट किया त्रिशूल
एयरपोर्ट के गेट पर भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का स्वागत कर उन्हें त्रिशूल भेंट किया। स्वागत में क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया, अपराजिता सोनकर, कुसुम पटेल, आयुषी श्रीमाली शामिल रहीं। एयरपोर्ट के बाहर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विनीता सिंह, किरण मिश्रा, ममता राय, डॉ. आहुति सिंह, सोनिया जैन ने बुके देकर स्वागत किया।