वाराणसी में TGT परीक्षा फर्जीवाड़ा, सॉल्वर बैठाने वाला मुख्य आरोपी अमन कुमार बलिया से गिरफ्तार
चेतगंज पुलिस ने टीजीटी परीक्षा में साल्वर गैंग के जरिए धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे अमन कुमार को बलिया से गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। टीजीटी परीक्षा में सॉल्वर गैंग के जरिए धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपित को चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के एकसार पिपरौली गांव स्थित घर से आरोपित अमन कुमार को मंगलवार को दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि चार जून को लहुराबीर स्थित पीएम श्रीक्वींस इंटर कॉलेज में आयोजित उत्तर प्रदेश टीजीटी परीक्षा के दौरान मूल अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति के परीक्षा देने का मामला सामने आया था।
प्रधानाचार्य की तहरीर पर चेतगंज थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं व उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में परीक्षा देने वाले आरोपित व्यक्ति व उसके सहयोगी को चार और 11 जून को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपित अमन कुमार ने स्वीकार किया कि परीक्षा पास करने के उद्देश्य से उसने सॉल्वर गैंग की मदद लेकर अपने स्थान पर दूसरे व्यक्ति को परीक्षा में बैठाया था।
आरोपित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शुक्ला, चौकी प्रभारी लहुराबीर उपनिरीक्षक विकल शांडिल्य, चौकी प्रभारी चेतगंज उप निरीक्षक वैभव शुक्ला व सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी शामिल थे।
यह भी पढ़ें- प्रिंसी पांडेय ने यूपी-टीजीटी में हासिल की आठवीं रैंक, बिना कोचिंग क्लास… सेल्फ स्टडी से रचा इतिहास