यूपी चुनाव से पहले CM योगी का बड़ा एलान, शिक्षकों को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा देने की तैयारी में सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मियों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा व पर्सनल एक्स ...और पढ़ें

शिक्षकों को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योगी सरकार का बड़ा चुनावी संदेश।
HighLights
शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर भी योजना में शामिल है।
50 लाख से अधिक लोग इस योजना से लाभान्वित होंगे।
अशोक सिंह, वाराणसी। प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। इसके बावजूद ऑनलाइन उपस्थिति, मानदेय, अवकाश और अन्य मुद्दों को लेकर शिक्षक संगठनों में समय-समय पर असंतोष और आंदोलन देखने को मिले।
ऐसे समय में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मियों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर की घोषणा कर बड़ा कदम उठाया है। राजनीतिक दृष्टि से भी इसे विधानसभा चुनाव से पहले अहम पहल माना जा रहा है।
प्राथमिक शिक्षक आनलाइन उपस्थिति और टीईटी अनिवार्यता जैसे मुद्दों का विरोध करते रहे हैं। वहीं, शिक्षामित्र 11 माह के मानदेय और अवकाश की मांग को लेकर आंदोलनरत रहे। माध्यमिक शिक्षक भी शिक्षण के अलावा अन्य कार्य सौंपे जाने का विरोध करते रहे हैं। इन मुद्दों का असर चुनावों में भी दिखाई दिया।
पिछले लोकसभा चुनाव में मतगणना के दौरान कार्मिकों के मतों में भाजपा को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला था। इसे शिक्षक वर्ग की नाराजगी से भी जोड़कर देखा गया। सरकार ने अब प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों, 1.45 लाख शिक्षामित्रों, 25 हजार अनुदेशकों और 3.75 लाख रसोइयों तथा उनके परिवारों को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने का निर्णय लिया है।
खबरें और भी
इससे करीब 15 लाख कर्मियों और उनके परिवारों के 50 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर भी दिया गया है।
योजना के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्रियों ने इसे शिक्षक परिवार के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान का प्रतीक बताया।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री डॉ. शैलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि अनिश्चितताओं से भरे जीवन में शिक्षकों के लिए चिकित्सा क्षेत्र में पहले ऐसी कोई सुविधा नहीं थी। ऐसे में यह पहल स्वागतयोग्य है और इसके लिए सरकार बधाई की पात्र है।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष डॉ. विनोद सिंह ने कहा कि पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर देकर सरकार ने शिक्षकों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है। इससे शिक्षा का माहौल बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार दूबे ने कहा कि कम मानदेय पाने वाले शिक्षामित्र अपने परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा की व्यवस्था करने की स्थिति में नहीं होते। ऐसे में पूरे परिवार को यह सुविधा मिलना बड़ी राहत है।