वाराणसी में संत रविदास समरसता अभियान का भव्य आगाज, सीर गोवर्धनपुर में 131 कलशों का हुआ पूजन
संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व पर वाराणसी में भाजपा ने 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू किया। सीर गोवर्धनपुर में 131 कलशों में जन्मस्थली की मिट्टी भरकर श ...और पढ़ें

सीर गोवर्धनपुर में 131 कलशों का हुआ पूजन।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रव्यापी 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' के तहत मंगलवार को सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर भव्य कलश पूजन का आयोजन हुआ।
संत रविदास मंदिर के समीप बने पार्क में 131 कलशों में जन्मस्थली की पावन मिट्टी भरी गई। संतों ने इन कलशों को संत रविदास की प्रतिमा के श्रीचरणों में रखकर विधि-विधान से पूजन किया। पूजन के बाद ढोल-नगाड़ों, तुरही और बैंड-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।
केसरिया और पीत वस्त्र धारण किए महिलाएं सिर पर कलश लेकर कतारबद्ध चलीं, जबकि सजे-धजे घोड़े, रथ और श्रद्धालु भक्ति भाव से शोभायात्रा में शामिल हुए। इसके बाद सभी कलश संत रविदास मंदिर में स्थापित किए गए।
आज प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी पवित्र मिट्टी
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों और देश के सभी राज्यों से आए प्रतिनिधियों को आज यानी कि 29 जुलाई को संत-महात्माओं और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में पावन मिट्टी युक्त कलश सौंपे जाएंगे। प्रतिनिधि इन्हें अपने-अपने जिले और राज्यों में ले जाकर समरसता का संदेश देंगे।
सीर गोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थली पर बुधवार को होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, विभिन्न राज्यों से आए भाजपा के उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। डेरा सचखंड बल्लां तथा संत रविदास जन्मस्थली के प्रमुख संत गुरु निरंजन दास महाराज, जालंधर की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।
खबरें और भी
पांच चरणों में चलेगा समरसता संकल्प अभियान
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया कि अभियान पांच चरणों में संचालित होगा। 29 जुलाई से 10 सितंबर तक 'श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान' राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर चलेगा।
29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक जालंधर से काशी तक 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा', 26 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान आयोजित होगा। संत रविदास पर केंद्रित कार्यक्रमों की यह शृंखला 20 फरवरी 2027, माघ पूर्णिमा एवं संत रविदास जयंती तक जारी रहेगी।
रविदास घाट पर 11 हजार दीपों से होगा दीपोत्सव
बुधवार को 'गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान' के तहत गंगा तट स्थित रविदास घाट पर 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही रविदास स्मारक स्थल, देशभर के संत रविदास मंदिरों और भाजपा के सभी मंडल स्तर पर भी दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।