वाराणसी में शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में आग लग गई। इस घटना में लाखों का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई ...और पढ़ें

शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में लगी आग।
HighLights
जंसा में शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल मशीन में आग लगी।
लाखों रुपये का सामान जलकर राख, बड़ा हादसा टला।
फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई।
जागरण संवाददाता, सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के परमनंदापुर के समीप सोमवार दोपहर बाद शॉर्ट सर्किट के कारण दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में अचानक आग लग गई। मशीन से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते दुकान में रखे तैयार दोना-पत्तल, कच्चा माल तथा अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरी दुकान धुएं और आग की लपटों से घिर गई।
दुकान संचालक राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी फर्नीचर की दुकान में दोना-पत्तल बनाने की दो मशीनें लगी हैं। उनका बेटा मशीन पर काम कर रहा था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट होने से मशीन में आग भड़क उठी।
आग तेजी से फैलती देख वह तत्काल बाहर निकल आया और डायल-112 तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही जंसा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों तक लपटें नहीं पहुंच सकीं और बड़ा हादसा टल गया।
आग की चपेट में आने से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन, तैयार दोना-पत्तल, कच्चा माल तथा दुकान में रखा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकान संचालक के अनुसार इस घटना में लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।