Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में गलत TV की डिलीवरी पर उपभोक्ता आयोग सख्त, Amazon और विक्रेता पर 50 हजार रुपये का जुर्माना

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 05:42 PM (IST)

    अल्मोड़ा उपभोक्ता आयोग ने गलत टीवी डिलीवरी पर अमेजन और विक्रेता कंपनी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. अमेजन और विक्रेता पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगा

    2. उपभोक्ता को 39,990 रुपये की खरीद राशि वापस होगी

    3. मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय भी देना होगा

    जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने आनलाइन खरीदारी में उपभोक्ता को गलत इलेक्ट्रानिक उत्पाद भेजने के मामले में आनलाइन प्लेटफार्म अमेजन इंडिया लिमिटेड और विक्रेता कंपनी पर 50 हजार का अर्थदंड लगाया है।

    आयोग ने आदेश दिया है कि दोनों 45 दिनों के भीतर उपभोक्ता को 39,990 रुपये की खरीद राशि वापस करें या उपभोक्ता की सहमति से सही माडल का 55 इंच टीसीएल 4के-अल्ट्रा एचडी स्मार्ट क्यूएलईडी उपलब्ध कराएं।

    इसके साथ ही उपभोक्ता को मानसिक क्षतिपूर्ति के लिए 20 हजार रुपये और वाद व्यय के लिए 10 हजार रुपये का भुगतान भी करना होगा।

    यह मामला अल्मोड़ा निवासी मृणाल वर्मा की ओर से दायर परिवाद से संबंधित है। उन्होंने 12 जुलाई 2025 को अमेजन से 39,990 रुपये में टीसीएल का 55 इंच स्मार्ट टीवी आर्डर किया था।

    17 जुलाई को डिलीवरी के समय आर्डर किए गए माडल के बजाय 43 इंच का वीडब्ल्यू कंपनी का टीवी निकला।

    उपभोक्ता ने इसे बदलने और धन वापसी के लिए कई बार शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। इसके बाद मामला आयोग में पहुंचा।

    आयोग के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल, सदस्य विद्या बिष्ट और सुरेश चंद्र कांडपाल ने इसे उपभोक्ता के साथ अनुचित व्यापारिक व्यवहार माना।

    अब विपक्षियों को 50 हजार रुपये का अर्थदंड आयोग के कार्यालय में जमा करना होगा। आदेश का पालन न होने पर उपभोक्ता को वापस की जाने वाली 39,990 रुपये की राशि पर 26 सितंबर 2025 से आठ प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देय होगा।

    यह भी पढ़ें- नियम 3 महीने का, इंतजार 3 साल का: रामपुर जिला उपभोक्ता फोरम में क्यों फंसा है 200 लोगों का इंसाफ?

    यह भी पढ़ें- खराब प्रोटीन सप्लीमेंट डिलिवर करने पर Amazon को झटका, जिला उपभोक्ता आयोग ने लगाया 5 हजार रुपये का जुर्माना