बागेश्वर में निर्माण कार्य के दौरान राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत, परिवार में कोहराम
बागेश्वर के विजयपुर में निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
विजयपुर में निर्माण कार्य के दौरान राजमिस्त्री की मौत।
लोहे का एंगल हाईटेंशन लाइन से छूने पर हुआ हादसा।
मृतक के परिवार को मुआवजे की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। कांडा पुलिस क्षेत्र के विजयपुर में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। घटना में लोहे के एंगल का ऊंचाई पर गुजर रही हाइटेंशन विद्युत लाइन से संपर्क हो गया, जिससे करंट उतर आया और वह गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने मृतक के परिवार में कोहराम मचा दिया है, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खंतोली के बिगुल तोक निवासी 38 वर्षीय सूरज राम, जो गोपाल राम के पुत्र हैं, शनिवार को विजयपुर में एक मकान में चिनाई और फिटिंग का कार्य कर रहे थे। निर्माण कार्य के दौरान लोहे का सरिया और एंगल ऊपर उठाया जा रहा था।
तिरछी अवस्था में उठाया गया एंगल हाइटेंशन विद्युत लाइन से छू गया, जिससे करंट का प्रभाव लोहे के एंगल में उतर आया। करंट की चपेट में आने से सूरज राम गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और स्वजन ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सूरज राम अपने पीछे पत्नी 34 वर्षीय ममता देवी, 57 वर्षीय पिता गोपाल राम, 52 वर्षीय माता चंपा देवी तथा तीन बच्चों में 16 वर्षीय दीपा, 12 वर्षीय शुभम और आठ वर्षीय राज को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
खबरें और भी
एसडीओ बोले, निर्धारित ऊंचाई पर है विद्युत लाइन
ऊर्जा निगम के एसडीओ आनंद भंडारी ने बताया कि विजयपुर बिजलीघर के समीप से हाइटेंशन लाइन गुजरती है। पास के एक मकान में निर्माण कार्य के दौरान लोहे का एंगल लाइन से छू गया, जिससे हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि संबंधित विद्युत लाइन निर्धारित मानकों के अनुरूप ऊंचाई पर है।
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने मृतक के स्वजन को उचित आर्थिक सहायता और अधिकतम मुआवजा दिए जाने की मांग प्रशासन से की है। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपंअ हरीश ऐठानी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, भगत डसीला, लोकमणि पाठक आदि ने प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।