भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: बागेश्वर में बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, जिलाधिकारी का आदेश
मौसम विभाग के 'ऑरेंज अलर्ट' के चलते बागेश्वर में एक जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बागेश्वर में 1 जुलाई को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद
मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया
जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा हेतु आदेश दिया
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून और मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार एक जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश की आशंका जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल रहेंगे बंद
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय (सरकारी), अर्द्धशासकीय, मान्यता प्राप्त निजी (प्राइवेट) विद्यालय (कक्षा एक से लेकर 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्र बुधवार को पूरी तरह बंद रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने साफ किया है कि यदि कोई भी शिक्षण संस्थान इस आदेश की अवहेलना करता हुआ या स्कूल खोलता हुआ पाया गया, तो संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अनावश्यक यात्रा से बचें
मौसम विभाग के 'ऑरेंज अलर्ट' को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम जनता और विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों और दिशा-निर्देशों को पूरी गंभीरता से लें।
खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें। नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में पहुंचा मानसून: बारिश से मिली राहत, देहरादून सहित कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में प्री-मानसून का अलर्ट: आज 3 जिलों में भारी बारिश, कल देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट