Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: खजांची को हटाया, शक के दायरे में तीन कार्मिक व एक श्रद्धालु

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 06:01 AM (IST)

    बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामले में आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल की गिरफ्तारी के बाद खजांची संदेश मेहता को भी हटा दिया गया है। ...और पढ़ें

    बदरीनाथ धाम।

    बदरीनाथ धाम।

    HighLights

    1. खजांची संदेश मेहता को पद से हटाया गया

    2. तीन कर्मचारी और एक श्रद्धालु जांच के दायरे में

    3. गणना प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के सुझाव दिए गए

    देवेंद्र रावत, गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा हेराफेरी मामले में सोमवार को बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल की गिरफ्तारी के बाद खजांची संदेश मेहता को भी हटा दिया गया। उन्हें नोटिस दिया गया है।

    इसके अलावा बीकेटीसी के तीन कर्मचारियों और एक श्रद्धालु का नाम भी सामने आया है। मंदिर समिति व एसआइटी जांच में इनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई है।

    सूत्रों के अनुसार, तीनों कार्मिकों को नोटिस दिया जा रहा है, जबकि श्रद्धालु से पूछताछ की तैयारी है।

    वहीं, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय जांच समिति ने भी बदरीनाथ पहुंचकर दोनों जांच समितियों से अब तक की प्रगति जानी।

    गणना की प्रक्रिया जानने व गणना स्थल का निरीक्षण करने के साथ उन्होंने कार्मिकों के बयान भी लिए। उन्होंने मंदिर समिति से गणना का पूरा रिकार्ड एसडीएम ज्योतिर्मठ के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा।

    मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर ने जब एसआइटी प्रभारी एवं डीएसपी मदन बिष्ट व बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ से गणना के दस्तावेज जांचे तो उसमें चांदी के रिकार्ड में ओवरराइटिंग मिली।

    इसके बाद बीकेटीसी ने खजांची से हटाकर पूजा काउंटर पर भेज दिया। एसआइटी व उच्चस्तरीय समिति की जांच के केंद्र में अभी 25 जून से लेकर दो जुलाई तक गणना है।

    सूत्रों के अनुसार, 25 जून की गणना के दौरान एक श्रद्धालु के भी जेब में कुछ सामग्री डालने की तस्वीर सीसीटीवी में रिकार्ड हुई है। उसकी पहचान कर ली गई है। बताया जा रहा कि विष्णुप्रयाग परियोजना में कार्यरत यह श्रद्धालु अक्सर गणना में शामिल होता रहा है।

    सूत्रों के अनुसार, जांच में अन्य कई अधिकारी-कर्मचारी भी लपेटे में आ सकते हैं। खासकर हेराफेरी मामले में कुछ अधिकारियों की चुप्पी उनकी भूमिका को संदेहास्पद बना रही है।

    मंदिर में लगे हैं 26 दानपात्र

    बदरीनाथ मंदिर के अंदर दो, परिसर में तीन और सिंहद्वार समेत अन्य स्थानों पर 21 दानपात्र लगे हैं। इन सभी की गणना एक साथ होती है।

    अब तक बताया जा रहा था कि मंदिर में कुल पांच दानपात्र हैं। मंदिर अधिकारी व सहायक मंदिर अधिकारी की मौजूदगी में इन दानपात्रों को खाली कराया जाता है और फिर दान-चढ़ावे की गणना होती है।

    गणना पारदर्शी बनाने को कमिश्नर ने दिए सुझाव

    बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि संदेह के आधार पर समिति के खजांची संदेश मेहता को हटाकर नोटिस दिया गया है।

    वहीं, गढ़वाल कमिश्नर ने गणना प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं, उन्हें तत्काल अमल में लाया जा रहा है।

    इसके तहत गणना स्थल पर आधे हिस्से में शीशा व आधे हिस्से में जाली लगाई जाएगी। साथ ही यहां द्वार लगाकर सुरक्षाकर्मी की तैनाती की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: कब क्या-क्या हुआ? खुलासे से लेकर गिरफ्तारी तक का पूरा घटनाक्रम

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी: SIT जांच में अन्य अधिकारियों की भूमिका पर सवाल, 29 जून के CCTV से बड़ा खुलासा संभव!