Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: आरोपित प्रमोद नौटियाल के घर से चांदी की मूर्ति, नाग और नेपाली करेंसी बरामद

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 09:45 PM (IST)

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल के आवास से चांदी की मूर्ति, नाग और नेपाली करेंसी बरामद हुई है। ...और पढ़ें

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला।

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला।

    HighLights

    1. आरोपी नौटियाल के आवास से चांदी की मूर्ति बरामद

    2. नेपाली करेंसी और चांदी के सिक्के भी मिले

    3. गायब सीसीटीवी फुटेज रिकवरी हेतु डीवीआर एफएसएल भेजा

    संवाद सहयोगी, गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम के चढ़ावा चोरी मामले में लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं।

    एसआइटी ने मुख्य आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल के बदरीनाथ स्थित आवास से भगवान नारायण की चांदी की मूर्ति, नाग और नेपाली करेंसी बरामद की।

    गुरुवार को उसके देहरादून स्थित कार्यालय की भी तलाशी ली गई। नौटियाल को रिमांड पर लेने के बाद एसआइटी उसके बदरीनाथ व देहरादून स्थित ठिकानों की तलाशी ले रही है।

    बदरीनाथ में उसके आवास से एसआइटी ने 500-500 रुपये के नोट, नेपाल की करेंसी (150 नोट) और चांदी के सिक्के बरामद किए। इसके अलावा उसके कब्जे से भगवान नारायण की मूर्ति और चांदी का नाग भी बरामद हुआ।

    उधर, गुरुवार को देहरादून में कैनाल रोड स्थित बदरी-केदार मंदिर समिति के कार्यालय में भी नौटियाल के कक्ष की तलाशी ली गई। एसआइटी ने करीब एक घंटे कार्यालय की तलाशी ली। हालांकि, टीम को कार्यालय से कुछ नहीं मिला।

    इससे पहले एसआइटी ने बुधवार को प्रमोद नौटियाल के आवास को तीन घंटे तक खंगाला था। इस दौरान आवास से दो प्लाट के दस्तावेज व तीन खातों की जानकारी मिली। सभी दस्तावेज एसआइटी अपने साथ ले गई।

    बैंक खातों की जानकारी जुटाने के लिए एसआइटी आरोपित के पेन कार्ड व आधार कार्ड भी लेकर गई है। पेन कार्ड से खातों की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

    एसआइटी प्रभारी एवं डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि नौटियाल को चमोली लाया जा रहा है। शुक्रवार को उसकी रिमांड अवधि पूरी हो रही है।

    इसके अलावा एसआइटी ने भैरव सेना अध्यक्ष के बयान भी दर्ज किए। भैरव सेना ने ही बीती तीन जुलाई को बदरीनाथ धाम के दान-चढ़ावे में हेराफेरी की शिकायत बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ से की थी।

    बयान दर्ज कराकर देहरादून से वापस लौटे पांच कार्मिक

    बदरीनाथ मंदिर के दफेदार समेत पांच कार्मिक गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय जांच समिति के समक्ष बयान दर्ज कराकर गुरुवार को चमोली वापस लौट आए।

    सूत्रों के अनुसार पांचों कार्मिकों ने चढ़ावा चोरी मामले में मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल के क्रियाकलापों का चिट्ठा खोला है। उन्होंने समिति को बताया कि नौटियाल खुलेआम मनमानी करता था। वहीं, चार अन्य कार्मिकों के बयान शुक्रवार को दर्ज होंगे।

    डीवीआर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजी

    एसआइटी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट जोशीमठ की अनुमति से सीसीटीवी कैमरों की गायब हुई फुटेज रिकवर करने के लिए डीवीआर देहरादून स्थित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेज दी है।

    बता दें कि एसआइटी के पास 13 दिन (20 जून से दो जुलाई) की ही सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है। शेष 32 दिनों की फुटेज गायब है।

    बीकेटीसी का तर्क है कि तकनीकी कारणों से यह फुटेज गायब हुई, जबकि पहले उसने 45 दिन की फुटेज सुरक्षित होने का दावा किया था।

    एसआइटी को शक है कि डीवीआर से डाटा जानबूझकर मिटाया गया। एसआइटी प्रभारी एवं डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि गायब फुटेज के रिकवर होने से चढ़ावा चोरी मामले में कई राज खुलने की उम्मीद है।

    घर पहुंचते ही फूट-फूटकर रोने लगा नौटियाल

    एसआइटी प्रमोद नौटियाल को जब उसके देहरादून स्थित आवास लेकर आई तो वह पत्नी व मां के पास फूट-फूटकर रोने लगा। इस दौरान नौटियाल के स्वजन ने एसआइटी का विरोध भी किया, लेकिन समझाने के बाद वह चुप हो गए।

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा: मुख्य आरोपित के सरकारी आवास से नकदी और कीमती उपहार बरामद

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: आरोपित प्रमोद नौटियाल को लेकर धाम पहुंची SIT, खंगाली आलमारियां